‘या हुसैन’ के नारों से गूँजा नगर
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ मोहर्रम के पवित्र महीने की सातवीं तारीख को मनेर नगर परिषद क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा। काजी मोहल्ला स्थित मखदूमिया मोहर्रम कमेटी के तत्वावधान में इमामबाड़े पर बड़ी ताजिया की स्थापना की गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘या हुसैन, या अली’ के नारों से गुंजायमान रहा। ताजिया स्थापना की रस्म के दौरान मुस्लिम समुदाय के लोगों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर मसीहा पाठ किया। इमामबाड़े से शुरू हुआ जुलूस बस्ती मार्ग स्थित ऐतिहासिक काजी कुआं तक पहुंचा। इस दौरान अकीदतमंदों ने मसीहा पाठ करते हुए कर्बला के शहीदों को याद किया और इमामबाड़े पर पहुंचकर विधिवत ताजिया स्थापित की। इस अवसर पर इमामबाड़े और आसपास के पूरे इलाके को आकर्षक और रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया गया था, जो आकर्षण का केंद्र बना रहा।
ताजिया स्थापना के बाद स्थानीय अखाड़ा खिलाड़ियों ने अपने पारंपरिक कौशल का प्रदर्शन किया। युवाओं ने तलवारबाजी के हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिसे देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। इस दौरान चौक पर इस्लामी ध्वज फहराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने हिस्सा लिया। इसके बाद फातेहा (दुआ-ख्वानी) का आयोजन किया गया और लोगों के बीच शर्बत एवं खिचड़ा (प्रसाद) का वितरण किया गया। कमेटी द्वारा अखाड़े के खलीफा और ताजियादारों को विशेष रूप से पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया।
इस धार्मिक आयोजन में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कार्यक्रम को सफल बनाने में खलीफा रिजवान खान, हैदर खान, अजमल हुसैन समेत भाजपा नेता शहाबुद्दीन खान, जदयू नेता तनवीर खान, रालोजपा नेता नौशाद आलम, मुमताज कुरैशी, सिराजुद्दीन, इम्तियाज कुरैशी, सब्बु हुसैन, सऊद खान, हसनात खान, इरफान हुसैन, अतहर हुसैन, मो. दानिश और आसिक अंसारी सहित अनेक गणमान्य लोगों का सराहनीय योगदान रहा। इस दौरान सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर कमेटी के सदस्य काफी सक्रिय दिखे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



