स्पेशल स्टाफ ईश्वरवाल की कार्रवाई, लोहारू क्षेत्र से दबोचा आरोपी
आरोपी पर पहले से लूट, अपहरण और शस्त्र अधिनियम सहित नौ मामले दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
दैनिक समाज जागरण, जिला संवाददाता। ( महेन्द्र जावला बहल )
बहल/लोहारू। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार के निर्देशन में अपराधियों एवं अवैध हथियार तस्करों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत स्पेशल स्टाफ ईश्वरवाल ने अवैध हथियार सप्लाई करने के मामले में चौथे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार थाना बहल में दर्ज एक मामले में शिकायत मिली थी कि एक कार में सवार कुछ व्यक्ति अवैध हथियार लेकर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने ईश्वरवाल रोड पर नाकाबंदी कर वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने कथित रूप से पुलिस टीम पर वाहन चढ़ाने का प्रयास करते हुए सरकारी वाहन को टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक आरोपी को मौके पर गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए थे। इस संबंध में थाना बहल में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
मामले की जांच के दौरान 1 अगस्त 2026 को स्पेशल स्टाफ ईश्वरवाल के एएसआई जोगेंद्र पाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लोहारू क्षेत्र से चौथे आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान संदीप पुत्र रामकिशन, निवासी सिंघानी, जिला भिवानी के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस के अनुसार सामने आया कि वारदात में प्रयुक्त अवैध हथियारों की सप्लाई आरोपी द्वारा की गई थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध पहले से लड़ाई-झगड़ा, लूट, अपहरण तथा शस्त्र अधिनियम सहित नौ आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायालय के आदेशानुसार उसे न्यायिक हिरासत में जिला कारागार भेज दिया गया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



