तीन शराब भट्ठियों को ध्वस्त कर 7 हजार लीटर अर्धनिर्मित शराब नष्ट की
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के मनेर थाना क्षेत्र के भवानी टोला दियारा इलाके में सोन और गंगा नदी के किनारे पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ एक बड़ा छापेमारी अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश और थानाध्यक्ष रजनीश कुमार के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन अवैध शराब भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। इस दौरान मौके से करीब 7,000 लीटर अर्धनिर्मित देसी शराब और जावा महुआ को नष्ट किया गया, जबकि 150 लीटर बनी हुई शराब जब्त की गई। पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दियारा क्षेत्र में अवैध शराब का कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा है।
इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए मनेर थाने के एसआई अनुज कुमार गुप्ता, अभिषेक कुमार, एएसआई राम सुरेश प्रसाद सिंह और अशोक कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल ने सोन और गंगा नदी के तटीय इलाकों में दबिश दी। पुलिस को आते देख भट्टी संचालक मौके से फरार होने में कामयाब हो गए।पुलिस ने मौके पर शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को आग के हवाले कर दिया और करीब 7,000 लीटर अर्धनिर्मित शराब को जमीन पर बहाकर नष्ट कर दिया।
इसके अलावा, लगभग 150 लीटर तैयार देसी शराब को जब्त कर थाने लाया गया। थानाध्यक्ष रजनीश कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब और नशीले पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि इस कार्रवाई में फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है, लेकिन फरार भट्टी संचालकों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से अवैध धंधा करने वालों में हड़कंप मच गया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



