google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

डाला में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर, 350 मरीजों का हुआ इलाज

समाज जागरण/ अनिल कुमार अग्रहरि

डाला/ सोनभद्र। स्थानीय नगर पंचायत क्षेत्र के रामलीला मैदान, डाला बाजार में शनिवार सुबह एक निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने लाभ उठाया। इस शिविर में करीब 350 मरीजों की जांच कर उन्हें उपचार एवं दवाएं उपलब्ध कराई गईं।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भूपेश चौबे ने शिविर का निरीक्षण कर डॉक्टरों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि सोनभद्र जनपद आदिवासी बहुल क्षेत्र है और डाला खनन क्षेत्र में घनी आबादी होने के कारण ऐसे स्वास्थ्य शिविर अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने वर्ष 2017 के बाद प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए सरकार की योजनाओं की सराहना की। विशिष्ट अतिथि अल्ट्राटेक एडमिन हेड पीयूष शुक्ला एवं क्रशर एसोसिएशन अध्यक्ष अजय सिंह ने कहा कि ऐसे मेडिकल कैंप से आमजन को बड़ी राहत मिलती है।

उन्होंने बताया कि संस्था के सहयोग से हर तीन महीने में इस प्रकार के शिविर आयोजित करने का प्रयास किया जाएगा। मीडिया हाउस संस्था के संस्थापक एवं अध्यक्ष डॉ. ए.के. गुप्ता ने बताया कि शिविर में संपूर्ण टीकाकरण, मलेरिया, शुगर, टीबी, कुष्ठ, डेंगू और नेत्र रोगों की जांच की गई। साथ ही मरीजों को निःशुल्क दवाएं भी वितरित की गईं।

शिविर में दंत, हड्डी, बाल, स्त्री रोग एवं फिजिशियन सहित विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों ने अपनी सेवाएं दीं। इसके अलावा मजदूरों के लिए ई-श्रम कार्ड एवं आयुष्मान कार्ड भी बनाए गए। रक्तदान महादान अभियान के तहत शिविर में रक्तदान कार्यक्रम भी आयोजित किया गया, जिसमें लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में रामलीला कमेटी अध्यक्ष हनुमान सिंह, डॉ. सुभाष चंद्रा, डॉ. हिमांशु यादव, डॉ. तान्या आनंद सहित कई चिकित्सक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन शिक्षक सर्वेश पटेल ने किया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)