नगर क्षेत्र के विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वास बनी मुख्य मुद्दा
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के पालीगंज नगर पंचायत परिसर में आयोजित सामान्य बोर्ड की बैठक में नगर क्षेत्र के समग्र विकास, राजस्व बढ़ोतरी और ठंड से बचाव को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। बैठक की अध्यक्षता नगर पंचायत अध्यक्ष बीरेंद्र बैठा के द्वारा की गई। जबकि कार्यपालक पदाधिकारी भावना सहित सभी वार्ड पार्षद, अधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। बैठक में सबसे मुख्य मुद्दा नगर क्षेत्र के विस्थापित दुकानदारों के पुनर्वास का रहा। अतिक्रमण हटाए जाने के बाद जिन छोटे दुकानदारों की रोजी-रोटी प्रभावित हुई है, उन्हें नगर क्षेत्र में ही उपयुक्त स्थान खोजकर बसाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से लिया गया। बोर्ड के सदस्यों ने कहा कि वर्षों से व्यवसाय कर रहे दुकानदारों को बिना वैकल्पिक व्यवस्था के हटाना उचित नहीं है।
इसलिए नगर पंचायत प्रशासन द्वारा जल्द ही स्थान चिन्हित कर उन्हें व्यवस्थित तरीके से बसाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो और नगर की व्यवस्था भी सुचारू बनी रहे। बैठक में नगर पंचायत के राजस्व संग्रहण को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यपालक पदाधिकारी भावना ने संबंधित वार्डों में कर एवं शुल्क संग्रहण करने वाले कर्मियों से अपील की कि वे अपने-अपने वार्ड पार्षदों के सहयोग से राजस्व संग्रहण कार्य को गति दें। उन्होंने कहा कि नगर के विकास कार्यों, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था व अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए राजस्व की भूमिका अहम है। इसलिए लक्ष्य के अनुरूप संग्रहण सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।
इसके अलावा ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नगर क्षेत्र के सभी प्रमुख चौक-चौराहों पर नियमित रूप से अलाव जलाने की अपील की गई। बोर्ड बैठक में निर्देश दिया गया कि गरीब, असहाय, वृद्ध और राहगीरों को ठंड से राहत दिलाने के लिए अलाव की व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। बैठक के अंत में नगर पंचायत प्रशासन व जनप्रतिनिधियों ने नगर हित में लिए गए प्रस्तावों को शीघ्र लागू करने का भरोसा दिलाया। इससे नगर क्षेत्र में व्यवस्था सुधारने के साथ-साथ आम लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद जताई। बैठक में उपाध्यक्ष रजनी कुमारी, पार्षद संजय सिंह, दीपक प्रसाद, परवेज आलम, राज किशोर कुमार, संतोष प्रसाद, प्रियंका कुमारी यादव, अमृता वर्मा, रंजना देवी सहित अन्य पार्षद उपस्थित थे।



