google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में जोरदार धमाका, ATS, IB और STF जांच में जुटीं

सीमा पार के कथित आतंकी संगठन द्वारा ई-मेल के जरिए जिम्मेदारी लेने का दावा, सुरक्षा एजेंसियां ई-मेल की सत्यता जांचने में जुटीं

रिपोर्ट: रविंद्र आर्य

गाजियाबाद। गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात करीब 9 बजे जोरदार धमाका होने से हड़कंप मच गया। धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। शुरुआत में लोगों ने इसे दिवाली के पटाखों की आवाज समझा, लेकिन जब पुलिस चौकी के अंदर का दृश्य सामने आया तो घटना की गंभीरता का अंदाजा लगा।



धमाके के कारण चौकी के अंदर रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। दीवारों में दरारें पड़ गईं और खिड़कियों के शीशे तक टूट गए। घटना की सूचना मिलते ही रात में बम निरोधक दस्ते और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू कर दी।



शनिवार सुबह मामले की गंभीरता को देखते हुए एटीएस (ATS), आईबी (IB), एसटीएफ (STF) और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें भी जांच में जुट गईं। बताया जा रहा है कि सीमा पार से जुड़े एक कथित आतंकी संगठन ने ई-मेल के माध्यम से धमाके की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। हालांकि, इस ई-मेल और संगठन के दावे की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच एजेंसियां ई-मेल की प्रामाणिकता और उसके स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं।

धमाके के करीब 12 घंटे बाद भी जांच एजेंसियां किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंच पाई थीं। घटना को लेकर पुलिस की ओर से भी कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि पुलिस चौकी के अंदर धमाका किस कारण हुआ? क्या यह किसी विस्फोटक उपकरण से जुड़ा मामला है? कथित आतंकी संगठन के ई-मेल के पीछे की वास्तविकता क्या है? जांच पूरी होने और आधिकारिक बयान सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्ट: रविंद्र आर्य


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)