नोएडा। सेक्टर-94 स्थित श्रीजी गौसदन में बुधवार को गोवर्धन पूजा का आयोजन अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और भक्ति के साथ किया गया। आयोजन का शुभारंभ गौ पूजन और गोवर्धन पर्वत की प्रतीकात्मक पूजा से हुआ।
मुख्य यजमान अक्षय कुमार गर्ग अपने परिवार सहित इस आयोजन में सम्मिलित हुए और गोवर्धन पूजा में आहुतियाँ अर्पित कीं। श्रीमती राधा शर्मा एवं उनकी टीम द्वारा प्रस्तुत भक्ति भजनों ने पूरे कार्यक्रम को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। “गोवर्धन गिरिधारी” और “गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो” जैसे भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल से भर गया।

पूजा के उपरांत सभी गौभक्तों ने गौ माता का पूजन कर चारा और गुड़ खिलाया, वहीं भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। गौसेवा, भक्ति और सामाजिक एकता का यह अनूठा संगम देर शाम तक चलता रहा।
आयोजन में शहर के गणमान्य लोग, गौशाला की कार्यकारिणी, स्थानीय नागरिक और गौ भक्तों की भारी संख्या में उपस्थिति रही।
इस दौरान नोएडा पुलिस ने “मिशन शक्ति” अभियान के अंतर्गत महिलाओं को आत्मरक्षा, महिला अधिकार और सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया। महिला पुलिस कर्मियों ने उपस्थित महिलाओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में वे किस प्रकार त्वरित मदद प्राप्त कर सकती हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी श्रद्धालुओं ने गौसेवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए एकता और सद्भाव का संकल्प लिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



