अनूपपुर। विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग तथा क्रीड़ा भारती जिला अनूपपुर के संयुक्त तत्वावधान में 7 जून (रविवार) को साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह आयोजन क्रीड़ा केंद्र अमलाई द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला क्रीड़ा प्रभारी (जनजातीय कार्य विभाग, अनूपपुर) शेख खलील क़ुरैशी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को साइकिल चलाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी को प्रतिदिन साइकिल चलाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में डीजल और पेट्रोल की बढ़ती समस्या को देखते हुए साइकिल एक प्रभावी, सस्ता और पर्यावरण हितैषी विकल्प है। उन्होंने यह भी कहा कि साइकिल चलाने की परंपरा को आज के समय में पुनः अपनाने की आवश्यकता है।
क्रीड़ा केंद्र अमलाई के प्रमुख प्रशिक्षक एवं क्रीड़ा भारती जिला मंत्री किशोर साकेत ने जानकारी देते हुए बताया कि यह रैली “संडे ऑन साइकिल” अभियान के अंतर्गत आयोजित की गई। उन्होंने बताया कि सभी प्रतिभागियों ने प्रतिदिन कम से कम 30 मिनट साइकिल चलाने की प्रतिज्ञा ली। साथ ही उन्होंने हर रविवार को सामूहिक रूप से साइकिल चलाकर अन्य नागरिकों को जागरूक करने का आह्वान किया। रैली अमलाई नगर की विभिन्न कॉलोनियों से होते हुए दुर्गा मंदिर क्षेत्र एवं मुख्य बाजार से गुज़री और अंत में अमलाई कोलियरी स्टेडियम में इसका समापन किया गया।
कार्यक्रम का समापन सम्मान समारोह के साथ किया गया, जिसमें सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। साथ ही सबसे कम उम्र के खिलाड़ी दशम को मोमेंटो प्रदान कर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर प्रशिक्षक गुरदीप सिंह, निधि कुशवाहा, सूरज गुप्ता, श्लोक मिश्रा, शिफ़ात आदिल, अगमदीप सिंह, रोहित सिंह सहित अनेक खिलाड़ी, उनके परिजन एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर साइकिलिंग के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।



