google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप यू-17 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
11 जुलाई। खेल विभाग, बिहार सरकार, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (BSSA), पटना एवं जिला प्रशासन, किशनगंज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 65वीं राज्य स्तरीय सुब्रतो मुखर्जी कप यू-17 बालक फुटबॉल प्रतियोगिता-2026 का शनिवार को भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ हुआ। यह प्रतियोगिता 11 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक किशनगंज में आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिलाधिकारी, किशनगंज तथा डीआईजी, बीएसएफ, किशनगंज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर एडीएम (आपदा), एसडीएम सहित प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अतिथियों का स्वागत पारंपरिक तरीके से पौधा भेंट कर किया गया।


किशनगंज में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के पहले ही दिन राज्य के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उद्घाटन दिवस पर 20 से अधिक टीमों ने विभिन्न मुकाबलों में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। पूरे खेल मैदान में खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की तालियों से खेलमय वातावरण बना रहा।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच मुजफ्फरपुर और सारण की टीमों के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबला पेश किया, जिसे देखने के लिए मौजूद दर्शकों और अतिथियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।


राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन जिला खेल पदाधिकारी आदित्य कुमार सिंह की देखरेख में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों के रहने, खाने, आवागमन तथा खेल मैदान की सभी व्यवस्थाएं बेहतर मानकों को ध्यान में रखकर की गई हैं, ताकि प्रतिभागियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


इस अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि “खेल हमें केवल जीतना ही नहीं, बल्कि अनुशासन, टीम वर्क और खेल भावना भी सिखाता है। सभी खिलाड़ी निष्पक्षता और खेल भावना के साथ खेलें। हार और जीत एक सिक्के के दो पहलू हैं। सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हर खिलाड़ी मैदान पर अपना शत-प्रतिशत योगदान दे।”
वहीं, डीआईजी, बीएसएफ ने खिलाड़ियों को खेल के माध्यम से राज्य और देश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण का सशक्त माध्यम है और इससे अनुशासन, आत्मविश्वास तथा नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।


चार दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों की टीमें भाग ले रही हैं। आने वाले दिनों में कई और रोमांचक मुकाबले खेले जाएंगे, जिनका खेल प्रेमियों को बेसब्री से इंतजार है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)