वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
किशनगंज पुलिस एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) की संयुक्त कार्रवाई में अवैध मादक पदार्थ की तस्करी के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 100 एमएल की 400 बोतल (कुल 40 लीटर) कोडीन फॉस्फेट एवं ट्रिप्रोलिडीन हाइड्रोक्लोराइड युक्त कफ सिरप तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 10 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि नेपालगढ़ कॉलोनी स्थित एक किराये के मकान में कोडीनयुक्त कफ सिरप का भंडारण कर उसकी खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के सत्यापन के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के नेतृत्व में एएनटीएफ, जिला आसूचना इकाई तथा किशनगंज थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान दिलखुश कुमार यादव (19 वर्ष), पिता बिरेंद्र प्रसाद यादव, निवासी दुर्गापुर, थाना रौटा, जिला पूर्णिया, को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से 100 एमएल की 400 बोतल प्रतिबंधित कोडीनयुक्त कफ सिरप तथा एक मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन संख्या BR37AF-4983) बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह पश्चिम बंगाल से कोडीनयुक्त कफ सिरप लाकर किशनगंज में किराये के मकान में भंडारण करता था और उसकी खरीद-बिक्री करता था। मामले में शामिल अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। साथ ही तस्करी के नेटवर्क के बैकवर्ड एवं फॉरवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने इस मामले में संलिप्त अपराधियों की अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई करने की बात कही है।
इस संबंध में किशनगंज थाना में एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
किशनगंज पुलिस ने कहा है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आम नागरिक मादक पदार्थों से संबंधित किसी भी सूचना की जानकारी एएनटीएफ हेल्पलाइन 9031816150 पर दे सकते हैं। सूचनादाता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। आपात स्थिति में नागरिक डायल 112 पर संपर्क कर सकते हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



