संदीप गर्ग, ग्रेटर नोएडा
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने शनिवार को अधिसूचित क्षेत्र ननवा का राजपुर में लगभग 20,000 वर्ग मीटर जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त करते हुए महत्वपूर्ण अतिक्रमण-विरोधी कार्रवाई की। मुक्त कराई गई जमीन की कीमत लगभग 40 करोड़ रुपये आंकी गई है।
यह कार्रवाई प्राधिकरण के सीईओ एन.जी. रवि कुमार के निर्देश पर भूलेख एवं परियोजना विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई। जानकारी के अनुसार, कुछ कालोनाइजर खसरा नंबर 156 व आसपास की जमीन पर अवैध प्लॉटिंग और निर्माण की कोशिश कर रहे थे।

🚜 कार्रवाई दो घंटे तक चली
प्राधिकरण के भूलेख विभाग के ओएसडी रामनयन सिंह के नेतृत्व में वरिष्ठ प्रबंधक नागेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया गया। लगभग दो घंटे चली इस कार्रवाई में पूरी संरचना ध्वस्त कर दी गई।
⚠️ प्राधिकरण की चेतावनी
ग्रेनो प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने स्पष्ट कहा कि अधिसूचित क्षेत्र में बिना अनुमति या बिना नक्शा पास कराए किसी भी प्रकार का निर्माण सख्त वर्जित है। ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण के भूलेख विभाग से पूरी जानकारी अवश्य लें, ताकि अवैध कॉलोनियों में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएँ।
📌 दोबारा निर्माण पर कानूनी कार्रवाई
प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि कालोनाइजर जमीन पर अवैध कब्जा कर कॉलोनी बसाने की कोशिश में थे। दोबारा निर्माण की स्थिति में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



