650 में से 646 अंक लाकर जैतो का नाम रोशन किया
पंजाब जैतो मन्नू शर्मा पराशर/दैनिक समाज जागरण चीफ ब्यूरो पंजाब
जैतो,12 मई: फरीदकोट जिले के सरस्वती सीनियर सैकेंडरी स्कूल जैतो ने कल सोमवार को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 10वीं कक्षा के परिणामों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।जैतो की होनहार छात्रा हरलीन शर्मा, जो गांव चैना (जैतो) की रहने वाली है, ने 650 में से 646 अंक हासिल करके पूरे पंजाब में पहला स्थान प्राप्त किया है। हरलीन शर्मा की इस शानदार उपलब्धि से फरीदकोट जिले जैतो शहर और स्कूल का नाम पूरे पंजाब में रोशन हुआ है। इस अवसर पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने एक अनूठी पहल करते हुए हरलीन शर्मा को तत्काल प्रभाव से सम्मानित किया और उन्हें 50 हजार रुपए की नकद पुरस्कार राशि भेंट की।
इस मौके पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि पंजाब सरकार शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है और होनहार बच्चों को हर संभव अवसर प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि छात्रा हरलीन शर्मा की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि सरकारी और निजी स्कूलों के छात्र लगातार कड़ी मेहनत और लगन से पूरे देश में पंजाब का नाम रोशन कर रहे हैं, जो कि गर्व का विषय है। इस अवसर पर हरलीन शर्मा की माता रेनू बाला और पिता जसविंदर कुमार शर्मा भी उपस्थित थे।
पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने हरलीन शर्मा और उनके परिवार को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि फरीदकोट जिले के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने कहा कि यह माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल प्रबंधन की कड़ी मेहनत और मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि छात्र ऐसी ऊंचाइयों को छू पाते हैं। उन्होंने फोन पर हरलीन शर्मा से बात की और उन्हें तथा उनके माता-पिता को बधाई दी। इस अवसर पर फरीदकोट के विधायक गुरदित सिंह सेखों, जैतो के विधायक अमोलक सिंह, पंजाब की स्कूल शिक्षा सचिव मैडम सोनाली गिरी, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) अंजना कौशल और सरस्वती सीनियर सैकेंडरी स्कूल जैतो की प्रिंसिपल कुसुम कालड़ा ने भी हरलीन शर्मा को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



