google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने रचा इतिहास, पहली बार आयोजित की राज्य स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी

  • चेयरमैन डॉ. शंकर लाल धूपड़ के दूरदर्शी नेतृत्व में शिक्षा के क्षेत्र में नई पहल

दैनिक समाज जागरण, [[ महेन्द्र जावला बहल ]]

भिवानी, 23 नवंबर: हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने शिक्षा के क्षेत्र में एक नई पहल करते हुए पहली बार राज्य स्तरीय विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया। बोर्ड परिसर, भिवानी स्थित सर्वपल्ली राधाकृष्णन लैब स्कूल (एसआरएस) में आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर के विद्यालयों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से कुल 63 टीमों ने पंजीकरण करवाया, जिनमें से 58 टीमों ने तीन-तीन विद्यार्थियों के साथ प्रतियोगिता में भाग लिया। प्रतियोगिता के प्रथम चरण में स्क्रीनिंग टेस्ट आयोजित किया गया, जिसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर आठ टीमों का चयन दूसरे चरण के लिए किया गया। दूसरे चरण में इन आठ टीमों के बीच रोचक एवं ज्ञानवर्धक विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में टैगोर सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हांसी ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। वैश्य गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चरखी दादरी ने द्वितीय तथा वैश्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, चरखी दादरी ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता टीमों को प्रथम पुरस्कार के रूप में 11,000 रुपये, मेडल एवं प्रमाण-पत्र, द्वितीय पुरस्कार के रूप में 5,100 रुपये, मेडल एवं प्रमाण-पत्र तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 3,100 रुपये, मेडल एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
चेयरमैन डॉ. शंकर लाल धूपड़ की दूरदर्शी सोच को सलाम
कार्यक्रम में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन डॉ. शंकर लाल धूपड़ ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। उनके नेतृत्व और मार्गदर्शन में बोर्ड द्वारा की गई यह पहल प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में नवाचार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 की मूल भावना के अनुरूप इस प्रतियोगिता में रटने की प्रवृत्ति के स्थान पर अनुभव आधारित शिक्षा, आलोचनात्मक चिंतन, रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को विशेष महत्व दिया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करना, उनकी तार्किक क्षमता को बढ़ावा देना तथा उनकी प्रतिभा और अभिव्यक्ति को एक सशक्त मंच प्रदान करना था।
निर्णायक मंडल एवं आयोजन टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका श्री सुनील जैन, प्रिंसिपल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, पटौदी तथा श्री भुवनेश मुद्गिल, प्रिंसिपल, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भैणी कुंगड़ ने निभाई। क्विज मास्टर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी श्री अनिल अरोड़ा, पीजीटी फिजिक्स, राजकीय मॉडल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भिवानी ने निभाई, जबकि श्रीमती रीतिका, पीजीटी फिजिक्स, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बहल ने प्रभावशाली मंच संचालन किया। प्रतियोगिता के सुव्यवस्थित एवं अनुशासित संचालन में श्री सौरभ वधवा, पीजीटी फिजिक्स, राजकीय मॉडल संस्कृति विद्यालय, तोशाम, श्रीमती रीतिका, पीजीटी फिजिक्स, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बहल, श्री राजेंद्र मेहतानी, पीजीटी मैथेमेटिक्स, राजकीय विद्यालय, बापोड़ा, श्री गुरदीप सिंह, पीजीटी मैथेमेटिक्स, श्रीमती विभा यादव, पीजीटी बायोलॉजी, श्री विनेश कुमार, एसआरएस भिवानी, श्री नवल, पीजीटी केमिस्ट्री तथा श्री राकेश कुमार, पीजीटी केमिस्ट्री, भिवानी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम के कोऑर्डिनेटर श्री विनस कुमार, पीजीटी बायोलॉजी, एसआरएस भिवानी रहे।
शिक्षा के क्षेत्र में एक नई परंपरा की शुरुआत
इस ऐतिहासिक पहल के लिए बोर्ड चेयरमैन डॉ. शंकर लाल धूपड़ विशेष बधाई और साधुवाद के पात्र हैं। किसी भी संस्थान को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए केवल प्रशासनिक अनुभव ही नहीं, बल्कि नई सोच, सकारात्मक दृष्टिकोण और भविष्य की आवश्यकताओं को समझने वाली दूरदर्शिता भी आवश्यक होती है। श्री धूपड़ जी ने अपने नेतृत्व में यह संदेश दिया है कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड केवल परीक्षा संचालन करने वाला संस्थान नहीं, बल्कि प्रदेश की शैक्षणिक प्रतिभाओं को तलाशने, तराशने और उन्हें आगे बढ़ाने वाला एक महत्वपूर्ण मंच भी बन सकता है। निश्चित रूप से यह पहल प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में एक दूरगामी कदम साबित होगी। आने वाले वर्षों में विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता प्रदेश की एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक परंपरा बन सकती है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)