google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

कोहरे और क्रास के चलते ट्रेनें रहीं लेट, यात्रियों को करनी पड़ी भारी परेशानी

गोमती एक्सप्रेस ढाई घंटे, पैसेंजर ट्रेनें तीन घंटे तक रहीं विलंबित

कुलदीप सिंह
लखीमपुर, संवाददाता।
घने कोहरे और ट्रेनों के आपसी क्रास के चलते लखनऊ–पीलीभीत रेल प्रखंड पर संचालित ट्रेनों की रफ्तार थम गई। मंगलवार को एक्सप्रेस और पैसेंजर दोनों ही श्रेणी की ट्रेनें घंटों देरी से संचालित हुईं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

कोहरे के कारण ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ने के साथ ही क्रास कराने के चलते भी ट्रेनों को लंबा इंतजार करना पड़ा। कुछ ट्रेनों को लखीमपुर रेलवे स्टेशन पर करीब एक घंटे तक खड़ा रखा गया।

जानकारी के अनुसार, गोरखपुर से इज्जतनगर जाने वाली 15009 गोमती एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय सुबह 8:45 बजे के बजाय 11:10 बजे लखीमपुर स्टेशन पहुंची, जिससे यह ट्रेन करीब ढाई घंटे लेट रही। वहीं लखनऊ–पीलीभीत पैसेंजर (55086) अपने समय 10:37 बजे के स्थान पर 12:02 बजे पहुंची और लगभग तीन घंटे की देरी दर्ज की गई।

इसके अलावा लखनऊ से मैलानी जाने वाली ट्रेन अपने तय समय 11:21 बजे के बजाय 1:21 बजे लखीमपुर पहुंची। इस ट्रेन को क्रास के कारण स्टेशन पर करीब एक घंटे तक रोका गया और इसे 2:02 बजे रवाना किया गया।
मैलानी से लखनऊ जाने वाली ट्रेन भी अपने समय 1:00 बजे के बजाय 2:00 बजे लखीमपुर पहुंची।

वहीं मैलानी से सीतापुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन (55081) निर्धारित समय 3:19 बजे की जगह शाम पांच बजे के बाद लखीमपुर स्टेशन पहुंची।

रेलवे सूत्रों के अनुसार, सोमवार को भी ट्रेनों की स्थिति बेहतर नहीं रही। 15010 गोमती एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटे, जबकि 55085 पीलीभीत–लखनऊ पैसेंजर लगभग दो घंटे देरी से लखीमपुर पहुंची थी।

लगातार हो रही देरी से यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली। यात्रियों ने बताया कि ठंड और कोहरे के बीच स्टेशन पर लंबा इंतजार करना बेहद कठिन हो गया है। यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से कोहरे के दौरान ट्रेनों के संचालन को लेकर बेहतर प्रबंधन और समय पर सूचना देने की मांग की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)