google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

“स्वस्थ पशु, समृद्ध किसान; एसएसबी का सराहनीय अभियान”।

दैनिक समाज जागरण संवाददाता
खोरीबारी ( सिलीगुड़ी )सीमावर्ती क्षेत्रों में जनकल्याण एवं ग्रामीण विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 41वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) रानीडंगा द्वारा समवाय कदोमनिजोत के कार्यक्षेत्र अंतर्गत जीवंत गांव खुनिया पुकुर में नि:शुल्क पशु चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर कमांडेंट विकास कुमार के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।


शिविर का उद्देश्य पशुधन के स्वास्थ्य संरक्षण के साथ-साथ पशुपालकों को पशुओं में होने वाले विभिन्न रोगों एवं उनके बचाव के प्रति जागरूक करना था। शिविर में वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक छेत्री ने कुल 230 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया। साथ ही जरूरतमंद पशुपालकों को नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया।


इस दौरान पशुपालकों को खुरपका-मुँहपका, गलघोटू, कृमिरोग, त्वचा संक्रमण तथा पोषण संबंधी समस्याओं जैसे सामान्य एवं संक्रामक रोगों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने पशुओं के नियमित टीकाकरण, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, स्वच्छता तथा समय-समय पर स्वास्थ्य जांच की आवश्यकता पर भी विशेष बल दिया।


शिविर से लगभग 46 ग्रामीण एवं पशुपालक परिवार प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हुए। ग्रामीणों ने एसएसबी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम पशुधन संरक्षण के साथ-साथ ग्रामीणों की आजीविका और आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
एसएसबी अधिकारियों ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में जनकल्याण और ग्रामीण विकास से जुड़े ऐसे कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि ग्रामीण समुदाय को आवश्यक सेवाएं उनके द्वार तक उपलब्ध कराई जा सकें।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)