दैनिक समाज जागरण 27.07.2026 चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ) पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
जादूगोड़ा स्थित यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) में तैनात होमगार्ड जवानों के बीच प्रबंधन के कथित तानाशाही रवैये और लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर असंतोष अब खुलकर सामने आने लगा है। इसी क्रम में पूर्वी सिंहभूम जिले के होमगार्ड जवानों ने विभागीय होमगार्ड एसोसिएशन से अलग होकर नए यूनियन के गठन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सोमवार को जादूगोड़ा में आयोजित एक बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता बाघ राय मार्डी की अगुवाई में नए यूनियन का गठन किया गया। बैठक में बड़ी संख्या में होमगार्ड जवान मौजूद रहे और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
बैठक के दौरान वक्ताओं ने कहा कि विभागीय होमगार्ड एसोसिएशन जवानों की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई बार विभिन्न मुद्दों को एसोसिएशन के समक्ष उठाया गया, लेकिन समस्याओं के समाधान के लिए कोई प्रभावी पहल नहीं की गई। यही कारण है कि अब जवानों का पुराने संगठन से भरोसा उठ चुका है और उन्होंने अपने अधिकारों की रक्षा के लिए नए मंच का गठन करने का निर्णय लिया है।
नवनिर्मित यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन का उद्देश्य किसी के खिलाफ व्यक्तिगत लड़ाई लड़ना नहीं, बल्कि होमगार्ड जवानों के अधिकारों की रक्षा करना, उनकी समस्याओं को संगठित रूप से उठाना तथा उन्हें न्याय दिलाना है। उन्होंने कहा कि यूसीआईएल में कार्यरत होमगार्ड जवान लंबे समय से विभिन्न समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है। ऐसे में एक मजबूत और सक्रिय संगठन की आवश्यकता महसूस की जा रही थी।
यूनियन के गठन के पहले ही दिन 21 होमगार्ड जवानों ने सदस्यता शुल्क जमा कर संगठन की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर सभी सदस्यों ने नए यूनियन के प्रति अपना विश्वास व्यक्त करते हुए इसे जवानों के हितों की लड़ाई का प्रभावी मंच बताया। पदाधिकारियों ने कहा कि यह सिर्फ शुरुआत है और आने वाले दिनों में जिले के सभी होमगार्ड जवानों को संगठन से जोड़ने के लिए व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि संगठन समय-समय पर जवानों की समस्याओं को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं प्रबंधन से वार्ता करेगा। यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन की रणनीति भी तैयार की जाएगी। यूनियन के प्रतिनिधियों ने कहा कि संगठन पूरी तरह लोकतांत्रिक तरीके से कार्य करेगा और प्रत्येक सदस्य की राय को प्राथमिकता दी जाएगी।
झामुमो नेता बाघ राय मार्डी ने कहा कि किसी भी कर्मचारी या जवान के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। यदि होमगार्ड जवान अपनी समस्याओं को लेकर एकजुट हुए हैं तो उनकी मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए। उन्होंने नए संगठन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि जवानों के सम्मान, अधिकार और हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर आवाज उठाई जाएगी।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित जवानों ने संगठन को मजबूत बनाने तथा अधिक से अधिक साथियों को जोड़ने का संकल्प लिया। यूनियन के पदाधिकारियों का दावा है कि जल्द ही पूर्वी सिंहभूम जिले के सभी होमगार्ड जवानों को संगठन की सदस्यता दिलाई जाएगी, जिससे उनकी मांगों और अधिकारों की लड़ाई को संगठित एवं प्रभावी तरीके से आगे बढ़ाया जा सके। इससे यूसीआईएल में कार्यरत होमगार्ड जवानों की समस्याओं को एक मजबूत मंच मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



