google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

दुद्धी में भीषण सड़क हादसा: स्पीड ब्रेकर न होने से दो मजदूर गंभीर, पीडब्ल्यूडी पर उठे सवाल

युवा समाजसेवी अजय यादव ने विभागीय लापरवाही पर उठाए सवाल

समाज जागरण/ उपेन्द्र कुमार तिवारी

दुद्धी/ सोनभद्र। दुद्धी कोतवाली क्षेत्र के गुलालझरिया भठ्ठी मोड़ के पास एक बार फिर सड़क हादसा हो गया। स्पीड ब्रेकर न बनाए जाने के कारण हुई इस दुर्घटना में बाइक सवार दो तिहाड़ी मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दुद्धी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान प्रेमनाथ पुत्र सुखलाल (लगभग 30 वर्ष) एवं शिव नारायण पुत्र बिसुर (लगभग 45 वर्ष), निवासी डुमरडीहा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों एक ही बाइक से मजदूरी करने दुद्धी जा रहे थे। इसी दौरान झारो मनबसा की ओर से बच्चों को लेकर आ रही एक मैजिक वाहन से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े। मैजिक वाहन में बैठे लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार मैजिक वाहन तेज रफ्तार में था। कुछ लोगों ने चालक पर लापरवाही और नशे में वाहन चलाने का आरोप भी लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि भठ्ठी मोड़ पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों की जान तक जा चुकी है। स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग कई बार उठाई गई और विभाग द्वारा आदेश भी जारी हुआ, लेकिन अब तक जमीनी स्तर पर कोई कार्य नहीं हुआ।

इस मामले को लेकर समाजवादी पार्टी छात्रसभा के विधानसभा अध्यक्ष अजय यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए CMO कार्यालय, डीएम सोनभद्र और यूपी पीडब्ल्यूडी को टैग कर विभागीय लापरवाही पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने लिखा कि ब्रेकर न होने के कारण आज फिर दो लोग जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं, जबकि स्पीड ब्रेकर निर्माण का प्रस्ताव पहले ही पारित हो चुका है।

स्थानीय लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग की उदासीनता की कड़ी निंदा करते हुए जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)