लूटपाट का विरोध करने पर शिक्षक को मारी गोली
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ राजधानी पटना में अपराधियों के बुलंद हौसलों ने पुलिसिया इकबाल पर सवालिया निशान खड़ा कर दिया है। बुधवार की सुबह अगमकुआं थाना क्षेत्र में बाइक सवार बदमाशों ने ड्यूटी पर जा रहे एक सरकारी शिक्षक को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात उस समय हुई जब शिक्षक नेशनल हाईवे के पास वाहन पकड़ने के लिए पैदल जा रहे थे। घायल शिक्षक की पहचान 48 वर्षीय शंभू कुमार के रूप में हुई है, जो नालंदा जिले के चंडी स्थित एक सरकारी विद्यालय में पदस्थापित हैं। जानकारी के अनुसार, शंभू कुमार सुबह घर से स्कूल के लिए निकले थे।
जैसे ही वह नरल पेट्रोल पंप और मिश्रा वैली स्कूल के समीप पहुंचे, बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें घेर लिया। बदमाशों ने उनका बैग और मोबाइल छीनने की कोशिश की। जब शिक्षक ने इसका कड़ा विरोध किया, तो अपराधियों ने बेहद करीब से उनके गले के नीचे गोली मार दी और सामान लेकर फरार हो गए। गोली की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहाँ उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुँचकर जांच शुरू कर दी है।
शिक्षक की पत्नी अंजली कुमारी ने बताया कि उनका किसी से कोई विवाद नहीं था, यह पूरी तरह लूट का मामला है। अगमकुआं थाना पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। वहीं, दिनदहाड़े हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। लोगों का कहना है कि मुख्य सड़कों पर भी अब आम नागरिक सुरक्षित नहीं हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



