भुनेश्वर कुमार महातो ,संवाददाता – समाज जागरण
बेरमो / ऊपरघाट : बेरमो अनुमण्डल क्षेत्र स्थित मकोली गिरिडीह सांसद आवासीय कार्यालय में आजसू पार्टी की ओर से झारखंड के भिष्म पितामह एवं अलग झारखंड आंदोलन के जन्मदाता स्वर्गीय विनोद बिहारी महतो की 34वीं पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर सर्वप्रथम विनोद बाबू के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई और उनके विचारों को नमन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नगर अध्यक्ष महेश देशमुख ने की। मौके पर केंद्रीय सदस्य महेंद्र चौधरी ने कहा कि स्व. विनोद बिहारी महतो झारखंड अलग राज्य आंदोलन के सूत्रधार थे। उन्हीं के संघर्ष और विचारों के परिणामस्वरूप आज अलग झारखंड राज्य का निर्माण संभव हो सका। उन्होंने समाज के उत्थान के लिए अनेक कार्य किए और “पढ़ो और लड़ो” का नारा देकर समाज को जागरूक करने का काम किया। सांसद प्रतिनिधि सुरेश महतो एवं बोकारो जिला प्रभारी कमलेश महतो ने कहा कि विनोद बाबू का जीवन झारखंड के उपेक्षित, शोषित और वंचित लोगों के अधिकारों के लिए समर्पित रहा। आपातकाल (1975-76) के दौरान वे 19 माह तक भागलपुर जेल में बंद रहे, फिर भी उनके हौसले कमजोर नहीं पड़े। शिक्षा के क्षेत्र में उनका योगदान अविस्मरणीय है। नगर अध्यक्ष महेश देशमुख ने अपने संबोधन में कहा कि आज 18 दिसंबर को झारखंड के पुरोधा एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक स्व. विनोद बिहारी महतो की 34वीं पुण्यतिथि है। उनका संघर्ष का मार्ग “पढ़ो, लड़ो और आगे बढ़ो” था, जिसका अर्थ है कि शिक्षा से अधिकारों की समझ आती है, अधिकारों की समझ से संघर्ष की शक्ति मिलती है और संघर्ष से समाज आगे बढ़ता है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सांसद प्रतिनिधि अशोक चौहान, बेरमो प्रखंड प्रभारी अध्यक्ष कृष्णा महतो, उपाध्यक्ष बीरू हरि, फुसरो नगर बुद्धिजीवी मंच के अध्यक्ष मुकेशचंद्र डे, शिव पूजन चौहान, अशोक कुमार, संतोष कुमार, शंकर कुमार, प्रकाश महतो, सुरेंद्र महतो सहित आजसू पार्टी के कई कार्यकर्ता उपस्थित थे। सभी ने स्व. विनोद बिहारी महतो के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



