समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ हरियाणा के गुरुग्राम से अपने घर लौट रही एक युवती के साथ राजधानी पटना में लूट की वारदात हुई। जिसमें उसने अपनी जान बचाने के लिए सोने की चेन और अन्य सामान ऑटो चालक को सौंप दिया। जानकारी के अनुसार पीड़ित युवती हरियाणा के गुरुग्राम से मगध एक्सप्रेस के जरिए पटना आ रही थी। ट्रेन का समय सुबह का था, लेकिन देरी के कारण वह रात करीब 11 बजे पटना जंक्शन पहुंची। उसने स्टेशन से हनुमान नगर क्षेत्र के विजय नगर आवास जाने के लिए एक शेयरिंग ऑटो पकड़ लिया। शेयरिंग ऑटो में युवती के अलावा कुल चार लोग बैठे थे, जिससे युवती को शुरुआत में कोई खतरा महसूस नहीं हुआ। रास्ते में राजेंद्र नगर के पास एक व्यक्ति उतर गया। इसके बाद ऑटो आगे बढ़ा, लेकिन कुछ दूरी तय करने के बाद युवती को रास्ता अनजान लगने लगा और ऑटो चालक का व्यवहार भी संदिग्ध प्रतीत हुआ। ऑटो चालक द्वारा गलत दिशा में ले जाने के एहसास ने युवती को पूरी तरह डरा दिया। वह किसी भी तरह अपनी जान बचाना चाहती थी। इसी भय के बीच उसने अपने पास मौजूद सोने की चेन और अन्य कीमती सामान ऑटो चालक को दे दिया। सामान मिलते ही चालक ने युवती को एक जगह उतार दिया और वहां से फरार हो गया। अकेली और अंधेरी जगह पर उतारी गई युवती की हालत बेहद खराब थी। युवती की बड़ी बहन, जो लगातार संपर्क में थीं, स्थिति को समझते ही घबरा गईं। जब फोन पर बात पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई, तो उन्होंने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस की टीम सक्रिय हुई और युवती की तलाश शुरू की गई। रात के अंधेरे में बहन और पुलिस टीम ने संभावित इलाकों में खोजबीन तेज कर दी। कोतवाली पुलिस और डायल 112 की टीम ने तकनीकी सहायता और स्थानीय जानकारी के आधार पर देर रात युवती को खोज निकाला। जब पुलिस और उसकी बहन युवती तक पहुंचीं, तो उसे देखकर फूट-फूटकर रो पड़ी और उनसे लिपट गई। पुलिस ने उसे सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और उसकी मानसिक स्थिति को देखते हुए तत्काल सहारा दिया। पुलिस ने युवती के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। डायल 100 और अन्य तकनीकी साधनों की मदद से उस लोकेशन और ऑटो को ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस को आशंका है कि इस घटना में किसी ऑटो लिफ्टर गैंग की संलिप्तता हो सकती है, जो देर रात यात्रियों को निशाना बनाता है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



