google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

वियतनाम में भारतीय पहलवानों ने रचा इतिहास, वाराणसी लौटने पर टीम मैनेजर रामसेवक यादव का भव्य स्वागत

समाज जागरण अनिल कुमार
हरहुआ वाराणसी। वियतनाम के दा नांग में आयोजित अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों के शानदार प्रदर्शन के बाद भारतीय कुश्ती टीम के मैनेजर रामसेवक यादव के वाराणसी आगमन पर शुक्रवार को क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला। हरहुआ क्षेत्र में जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।

दोपहर में वाराणसी पहुंचने पर काशी कृषक इंटर कॉलेज मैदान, हरहुआ चौराहा, गढ़वा चौराहा और सातोमहुआ समेत विभिन्न स्थानों पर क्षेत्रवासियों, खेल प्रेमियों और पहलवानों ने उनका अभिनंदन किया। इस दौरान भारत माता की जय के नारों के बीच हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने भारतीय कुश्ती टीम की ऐतिहासिक सफलता का जश्न मनाया।

इसके बाद रामसेवक यादव के आवास पर भी शुभचिंतकों, पहलवानों और खेल जगत से जुड़े लोगों का तांता लगा रहा। लोगों ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारतीय पहलवानों की उपलब्धि ने देश के साथ-साथ वाराणसी का भी गौरव बढ़ाया है। स्वागत करने वालों में लालजी यादव उर्फ झगड़ू भैया, अंतरराष्ट्रीय कोच भैरव पहलवान, क्षमा पहलवान, शंकर पहलवान, मनोहर पहलवान, कन्हैया दरोगा, विनोद यादव, मनोज मुंगवार, जितेंद्र पहलवान, फौजी बाल्मीकि, बबलू सरदार, मोहन मामा, वीरेंद्र यादव, रामआसरे मास्टर, सुभाष पहलवान, अशोक यादव, राजेश यादव, संतोष यादव और बहादुर प्रधान समेत दर्जनों लोग शामिल रहे।

गौरतलब है कि अंडर-23 एशियाई कुश्ती चैंपियनशिप में भारतीय पहलवानों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 9 पदक अपने नाम किए। इसमें 4 स्वर्ण, 3 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं। बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर भारत की फ्री स्टाइल टीम एशिया चैंपियन बनने में सफल रही।

प्रतियोगिता में 65 किलोग्राम वर्ग में मोहित कुमार और 79 किलोग्राम वर्ग में चन्द्रमोहन ने स्वर्ण पदक जीतकर देश का नाम रोशन किया। अन्य खिलाड़ियों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय टीम को ऐतिहासिक सफलता दिलाई। भारतीय खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बधाई दी थी।

भारतीय कुश्ती संघ की ओर से वाराणसी निवासी रामसेवक यादव को फ्री स्टाइल टीम का मैनेजर नियुक्त किया गया था। बेसिक शिक्षा परिषद में शिक्षक के रूप में कार्यरत रामसेवक यादव की इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बना हुआ है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)