अपर मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी ने महानंदा सभागार में आयोजित प्रशिक्षण का लिया जायजा
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
18 मार्च।
किशनगंज समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) से संबंधित तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण मृत्युंजय कुमार, उप महा निरीक्षक सह अपर मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों से पूर्व सत्रों में दी गई जानकारी के आधार पर प्रश्न पूछे, जिनके संतोषजनक उत्तर मिलने पर उन्होंने संतुष्टि व्यक्त की। इस अवसर पर उन्होंने सभी चार्ज पदाधिकारियों एवं प्रतिभागियों को निर्देश दिया कि जनगणना के प्रथम चरण में शत-प्रतिशत मकानों का पूर्ण कवरेज सुनिश्चित किया जाए तथा गणना कार्य को पूरी तरह त्रुटिरहित ढंग से संपादित किया जाए।
उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी देते हुए महत्वपूर्ण निर्देश भी दिए और जनगणना के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अग्रिम शुभकामनाएं दीं।
अपर मुख्य प्रधान जनगणना पदाधिकारी ने बताया कि भारत की जनगणना 2027 में पहली बार स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके सफल क्रियान्वयन के लिए जिला एवं प्रखंड स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार आवश्यक है, ताकि आम नागरिकों को इस नई व्यवस्था की जानकारी मिल सके और वे इसमें सक्रिय रूप से भाग ले सकें।
इस अवसर पर प्रदीप कुमार झा (उप विकास आयुक्त), अमरेन्द्र कुमार पंकज, गिरिजेश कुमार, कुंदन कुमार सिंह, प्रमोद सिंह सहित अन्य पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं प्रतिभागी उपस्थित थे।



