मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र से पूरे प्रदेश के लिए लॉन्च की पेपरलेस रजिस्ट्री, पैमाइश और व्हाट्सएप चैटबोट और राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली की योजनाएं
लोहारू में इन योजनाओं की शुरुआत के लिए बीडीपीओ कार्यालय में आयोजित किया गया कार्यक्रम
दैनिक समाज जागरण, [ महेन्द्र जावला बहल ]
बहल- लोहारू,29 सितंबर। एसडीएम मनोज दलाल ने कहा कि पेपरलेस रजिस्ट्री, पैमाइश तथा व्हाट्सएप चैटबोट और राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली की शुरुआत से राजस्व कार्यों में पारदर्शिता एवं तत्परता आएगी। धन और समय की बचत होगी। कार्यालयों की बजाय घर बैठे ही सुविधा ले सकेंगे।
एसडीएम मनोज दलाल सोमवार को बीडीपीओ कार्यालय में पेपरलेस रजिस्ट्रेशन प्रणाली तथा पेपरलेस निशानदेही प्रणाली आदि योजनाओं की लॉन्चिंग अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित लोगों का संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र से पूरे प्रदेश के लिए लॉन्च की पेपरलेस रजिस्ट्री, पैमाइश और व्हाट्सएप चैटबोट और राजस्व न्यायालय निगरानी प्रणाली योजनाएं की शुरुआत की। इन योजनाओं की शुरुआत होने से लोगों को रजिस्ट्री व भूमि की पैमाइश कराना आसान हो जाएगा।
बॉक्स
एसडीएम ने बताया कि रजिस्ट्री कराने के लिए भूमि मालिकों को हरियाणा डीड रजिस्ट्रेशन पोर्टल पर जाना होगा। वहां अपनी जमीन और व्यक्तिगत जानकारी भरनी होगी। उसके बाद भूमि मालिक के कागज संबंधित तहसील कार्यालय में पहुंच जाएगी। हरियाणा सरकार ने यह प्रोजेक्ट लोगों की सहूलियत के लिए तैयार किया है। यदि कोई कमी होगी तो उसी दौरान भूमि मालिकों को सूचित कर दिया जाएगा। सभी कागजात पूरे होने के बाद भूमि मालिक को ऑनलाइन अप्वाइंटमेंट लेनी होगी ताकि फोटो ली जा सके और बायोमीट्रिक्स प्रक्रिया संपन्न हो सके। दस्तावेज पूरे होने के बाद ही पैसे जमा होंगे। पैसा जमा होते ही रजिस्ट्री हो जाएगी। उसी दौरान उपभोक्ता चाहे तो ऑनलाइन दस्तावेज निकाल सकेगा। हार्ड कॉपी डाक के माध्यम से उनके पते पर भेजी जाएगी।
उन्होंने बताया कि चेटबोट राजस्व विभाग से संबंधित सभी सवालों का जवाब देगा। राजस्व निगरानी प्रणाली की मदद से राजस्व से संबंधित केसों की निगरानी हो सकेगी। इस प्रणाली से पता चल सकेगा कि किस तहसील कार्यालय, उपमंडल में कौन-सा केस कितने दिन से लंबित है।
बॉक्स
इस तरह से होगी पैमाईश
अब पैमाइश भी अब घर बैठे हो सकेगी। इसके लिए भूमि मालिक को सिर्फ राजस्व विभाग के पोर्टल पर अप्लाई करना होगा। इसमें भूमि और अन्य सभी जानकारियां भरनी होगी। उसके बाद तहसील अधिकारियों के पास दस्तावेज पहुंच जाएंगे जहां वे कागजों और भूमि का सत्यापन करेंगे। दस्तावेज पूरे होने के बाद तहसील से अधिकारी भूमि मालिक के घर जाएंगे और पैमाइश का काम करेंगे। पहले लोगों को पैमाइश के लिए ही तहसील दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे।
बॉक्स
राजस्व विभाग का चैटबॉट हुआ लॉन्च
सीएम नायब सिंह सैनी ने राजस्व विभाग का चैटबॉट भी लॉन्च किया। चैटबॉट के इस्तेमाल से कोई भी व्यक्ति राजस्व विभाग से संबंधित किसी भी योजना या अन्य जानकारी हासिल कर सकता है। इसके लिए सरकार ने एक एजेंसी भी हायर की है। चैटबॉट एक कंप्यूटर प्रोग्राम है जिसे एआई की मदद से तैयार किया गया है। यह उपयोगकर्ताओं के सवालों को समझता है और उपलब्ध जानकारी के आधार पर कुछ ही सेकेंड में जवाब उपलब्ध करा देता है।
इस अवसर पर बीडीपीओ विनोद सांगवान, कानूनगो अनिल मेेंंचू, कानूनगो कृष्ण कुमार,एसईपीओ दीपक शर्मा, जयवीर गिल,सचिन श्योराण, सुशील,नरेश, संजय श्योराण, नवीन श्योराण,सतेंद्र,दिनेश सहित पटवारी,ग्राम सचिव व गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



