नई दिल्ली। दिल्ली के जहांगीरपुरी इलाके के जे ब्लॉक स्थित प्रधान महेंद्र सिंह यादव समुदाय केंद्र में हरि ओम धर्मार्थ सेवा संस्था एवं रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन आई एंड जे ब्लॉक जहांगीरपुरी के द्वारा स्वर्गीय श्री महेंद्र सिंह यादव की पुण्य तिथि पर निशुल्क नेत्र जांच शिविर व चश्मा वितरण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन संस्था के प्रधान एम एल भास्कर की अगुवाई में किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव सहित कई गणमान्य लोगों ने शिरकत की और स्वर्गीय श्री महेंद्र सिंह यादव की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस मौके पर दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर सभी को आयोजित करने चाहिए क्योंकि ऐसे शिविर के आयोजन से लोगों को स्वास्थ्य की सेवाएं उनके घर के समीप भी मिल जाती हैं। मैं इस कार्यक्रम के लिए पूरी टीम को बधाई देता हूं।



इस मौके पर डॉक्टर श्रॉफ चैरिटी आई हॉस्पिटल की टीम के द्वारा शिविर में आए हुए लोगों की आंखों की जांच की गई। इस अवसर पर एमएल भास्कर ने जानकारी देते हुए बताया कि शिविर में लगभग 425 लोगों ने अपनी आंखों की जांच कराई और कई लोगों को चश्मा निशुल्क वितरित किए गए। श्री भास्कर ने बताया कि हमारी संस्था का लक्ष्य गरीब लोगों की मदद करना है जिसके लिए संस्था हमेशा ही आगे रहती है। भास्कर ने कहा कि सभी को प्रधान महेंद्र सिंह यादव के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए और हमेशा ही उनके बताए हुए मार्ग पर चलना चाहिए। इस मौके पर कई लोगों ने भी अपने विचार व्यक्त किये।



