दैनिक समाज जागरण | 05.05.2026
चांद कुमार लायेक (ब्यूरो चीफ), पूर्वी सिंहभूम जमशेदपुर
जमशेदपुर। भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित विशेष स्वगणना अभियान के तहत जमशेदपुर में जागरूकता और जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रशासनिक एवं कॉरपोरेट क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए स्वयं स्वगणना प्रक्रिया पूरी की।
इस अवसर पर उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, वाइस प्रेसिडेंट (कॉरपोरेट सर्विसेज) डीबी सुंदर रामम तथा चीफ ऑफ कॉरपोरेट सर्विसेज वरुण बजाज ने स्वगणना कर अभियान में सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में विशेष पदाधिकारी एवं जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमेटी (JNAC) के प्रतिनिधि तरणीश कुमार हंस सहित जनगणना टीम के सदस्य भी उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी प्रक्रिया का मार्गदर्शन किया।
कार्यक्रम के दौरान टाटा स्टील कॉरपोरेट सर्विसेज से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी उत्साहपूर्वक ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर स्व-पंजीकरण किया। यह पहल प्रशासन और कॉरपोरेट क्षेत्र के समन्वय का उदाहरण बनी तथा आम नागरिकों को भी अभियान से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
गौरतलब है कि भारत सरकार ने जनगणना 2027 को अधिक सटीक, पारदर्शी और आधुनिक बनाने के उद्देश्य से स्वगणना की सुविधा शुरू की है। इसके तहत 1 मई से 15 मई तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें नागरिक आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जनसांख्यिकीय जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
प्रशासन की ओर से बताया गया कि स्वगणना के माध्यम से नागरिक अपने परिवार, निवास, शिक्षा, रोजगार एवं अन्य आवश्यक जानकारियां स्वयं दर्ज कर सकते हैं। इससे त्रुटियों की संभावना कम होती है तथा आंकड़ों की सटीकता सुनिश्चित होती है।
अधिकारियों ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना किसी भी देश के विकास की आधारशिला होती है। इसके आंकड़ों के आधार पर सरकार नीतियां बनाती है, संसाधनों का वितरण करती है और विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह इस अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करे।
शहरवासियों से निर्धारित अवधि के भीतर आधिकारिक पोर्टल पर जाकर स्वगणना प्रक्रिया पूरी करने का अनुरोध किया गया। प्रशासन ने बताया कि आने वाले दिनों में शहर के विभिन्न हिस्सों में जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इस अभियान से जुड़ सकें।
जनता आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से भी स्वयं इस अभियान का हिस्सा बन सकती है।



