समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:-, वेद प्रकाश
पटना/ होली का खुमार सभी के सिर चढ़ कर बोल रहा है। होली को देखते हुए बिहार में प्रशासन ने अश्लील गानों और हुड़दंगी के खिलाफ ऐक्शन की बात कही है। लेकिन भागलपुर जिले के भगवानपुर से जदयू विधायक गोपाल मंडल ने पुलिस-प्रशासन के आदेशों की धज्जियां उड़ाते हुए मंच से जमकर अश्लील गीत गाए। लेकिन अब होली मिलन समारोह में मंच से अश्लील गीत गाकर जदयू विधायक गोपाल मंडल बुरी तरह फंस गए हैं। भागलपुर की एसपी के आदेश पर विधायक गोपाल मंडल तथा कुछ अन्य लोगों पर FIR दर्ज की गई है। 10 मार्च को नवगछिया में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया था। इस आयोजन में भगवानपुर विधायक गोपाल मंडल भी मौजूद थे। गोपाल मंडल मंच पर थिरकते नजर आए थे। लेकिन कुछ ही देर बाद हाथ में माइक लेकर गोपाल मंडल ने गीत भी गाया था। यह गीत इतना अश्लील था कि वहां मौजूद महिला कलाकारों ने शर्म से अपना मुंह छिपा लिया था। गोपाल मंडल ने भोजपुरी गाना पानी में…भौजी…अश्लील गीत गाया और फिर इस गीत पर वो थिरकते भी रहे। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ है। अब यह बात सामने आई है कि पुलिस पदाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने गोपाल मंडल पर अश्लील गीत गाने को लेकर केस दर्ज कराया गया है। विधायक तथा कुछ अन्य लोगों पर दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि होली मिलन समारोह में विधायक ने महिला के लज्जा का अनादर करने की नियत से अश्लील तथा द्विअर्थी गाना गाया। जनता दल यूनाइटेड के विधायक गोपाल मंडल अक्सर चर्चा में रहते हैं। अभी हाल ही में विधायक गोपाल मंडल का एक और वीडियो वायरल हुआ था। यह वीडियो भी होली मिलन समारोह का ही था। इसमें नजर आ रहा था कि विधायक गोपाल मंडल मंच पर महिला कलाकार का हाथ पकड़ कर डांस कर रहे हैं। गोपाल मंडल ने एक महिला कलाकार की गाल पर नोट भी चिपकाया था। गोपाल मंडल ने कहा था कि लोग चाहे तो कितना भी वायरल कर दें लेकिन वो रुकने वाले नहीं हैं। उन्होंने कहा था कि हम तो डेली डांस करते हैं और डेली चुम्मा भी लेते हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



