google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव में बच्चों ने बिखेरा जलवा

समाज जागरण/रंजीत तिवारी
रामेश्वर, वाराणसी। न्याय पंचायत स्तरीय काशी सांसद सांस्कृतिक महोत्सव के दूसरे दिन नृत्य और नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिताओं का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सेवापुरी विधानसभा विधायक प्रतिनिधि अदिति सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान एमडी पब्लिक स्कूल के बच्चों ने मनमोहक स्वागत गीत पर नृत्य प्रस्तुत कर अतिथि का स्वागत किया।

प्रतियोगिता में न्याय पंचायत बरेमा के अंतर्गत आने वाले विभिन्न विद्यालयों के करीब 276 बच्चों ने प्रतिभाग किया। बच्चों ने नृत्य की विभिन्न विधाओं और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों की खूब सराहना बटोरी।

नृत्य प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को अब ब्लॉक स्तरीय काशी सांसद सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने का अवसर मिलेगा। इससे बच्चों में अपनी प्रतिभा को और निखारने तथा आगे बढ़ने का उत्साह देखने को मिला।

मुख्य अतिथि अदिति सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के नन्हे-मुन्ने बच्चे ही देश का भविष्य हैं। बच्चों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और उन्हें उचित मंच मिलने से उनकी प्रतिभा और निखरती है। उन्होंने बच्चों को गीत-संगीत, कला और भारतीय संस्कृति से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। साथ ही प्रधानमंत्री के विकसित और सशक्त भारत के सपनों को साकार करने में युवा पीढ़ी की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

महोत्सव में न्याय पंचायत बरेमा के विभिन्न ग्राम प्रधानों के साथ बड़ी संख्या में अभिभावक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को एमडी पब्लिक स्कूल के प्रबंधक अमित सिंह ने सुव्यवस्थित ढंग से संभाला।

इस अवसर पर नोडल संकुल प्रदीप शुक्ला, शिक्षक संकुल मुकुल मौर्य, शैलेंद्र विक्रम, अजीत कुमार, संदीप कुमार पटेल तथा शिक्षिकाओं में दीप्ति जायसवाल, शशि देवी, रश्मि लता त्रिपाठी और प्रियंका कुमारी सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। मंच का प्रभावी संचालन डॉ. सुशील कुमार ने किया।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)