कहा- 2045 तक भी सत्ता में आने के सपने देख रही समाजवादी पार्टी; सांसद डॉ. महेश शर्मा और विधायक धीरेंद्र सिंह समेत कई दिग्गज रहे मौजूद
समाज जागरण संवाददाता
जेवर/ग्रेटर नोएडा। जेवर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कनारसी में रविवार को महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, संविधान सभा के सदस्य और पद्मश्री से सम्मानित डॉ. रत्नप्पा कुम्हार की 117वीं जयंती के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। श्री लौकेश प्रजापति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह में बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों, प्रजापति समाज के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने डॉ. रत्नप्पा कुम्हार के स्वतंत्रता आंदोलन और संविधान निर्माण में योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि डॉ. कुम्हार ने अपना जीवन राष्ट्रसेवा, सामाजिक उत्थान और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। संविधान सभा के सदस्य के रूप में उनका योगदान भारतीय लोकतंत्र के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। ऐसे महापुरुषों के विचारों और आदर्शों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
सपा पर साधा निशाना, 2045 तक सत्ता में आने पर उठाए सवाल
समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि सपा मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रही है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के वर्ष 2045 तक भी उत्तर प्रदेश की सत्ता में आने की कोई संभावना नहीं है।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार देश की सुरक्षा, विकास और आत्मनिर्भरता को प्राथमिकता दे रही है। वहीं, उत्तर प्रदेश में आधारभूत ढांचे, जनकल्याण और आर्थिक विकास के क्षेत्र में लगातार काम किया जा रहा है।
महापुरुषों के विचारों को जीवन में उतारना ही सच्ची श्रद्धांजलि : धीरेंद्र सिंह
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने डॉ. रत्नप्पा कुम्हार को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारत की स्वतंत्रता और संविधान निर्माण का इतिहास उन महापुरुषों के त्याग, तपस्या और संघर्ष का परिणाम है, जिन्होंने व्यक्तिगत हितों से ऊपर उठकर राष्ट्र के भविष्य के लिए कार्य किया। पद्मश्री डॉ. रत्नप्पा कुम्हार भी ऐसे ही महान व्यक्तित्व थे।
उन्होंने कहा कि महापुरुषों की जयंती मनाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके विचारों को अपने आचरण और सामाजिक विकास का आधार बनाना जरूरी है। सामाजिक समरसता, शिक्षा, समान अवसर और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
विधायक ने प्रजापति समाज की मेहनत, शिल्पकला और राष्ट्र निर्माण में योगदान की सराहना करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को शिक्षा, कौशल विकास, उद्यमिता और आधुनिक अवसरों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जेवर क्षेत्र विकास और परिवर्तन के महत्वपूर्ण दौर से गुजर रहा है। प्रयास है कि विकास की इस यात्रा में प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित हो और युवाओं को शिक्षा, रोजगार तथा स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिलें। विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कई प्रमुख जनप्रतिनिधि और भाजपा नेता रहे मौजूद
समारोह में गौतमबुद्धनगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर, भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष, गौतमबुद्धनगर भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा और दादरी विधायक तेजपाल नागर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के आयोजक लौकेश प्रजापति ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित सभी अतिथियों और समारोह में पहुंचे क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



