देवघाट खगड़ा से रमजान नदी घाट तक श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़, 36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा कर व्रतियों ने किया पारण
वीरेंद्र चौहान | समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ सोमवार को उदीयमान भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करने के साथ श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हो गया। इस अवसर पर किशनगंज शहर से लेकर जिले के विभिन्न प्रखंडों और ग्रामीण इलाकों के छठ घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। अहले सुबह से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं के घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। सूर्योदय की पहली किरण के साथ व्रतियों ने भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, आरोग्यता और खुशहाली की कामना की। सोमवार को सूर्योदय सुबह 5 बजकर 57 मिनट पर हुआ।
शहर के देवघाट खगड़ा, धोबीघाट डे मार्केट, छेदिया बागान, गांधी नगर अस्पताल रोड, रमजान नदी घाट, प्रेमपुल, घोरामारा, कजलामनी, धरमगंज, मोतीबाग, ढेकसरा और ओद्रा सहित विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। वहीं जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में भी नदियों, तालाबों और अन्य जलाशयों के किनारे पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठ पूजा संपन्न हुई।
टेढ़ागाछ में शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई पूजा
टेढ़ागाछ प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर भी सुबह से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। पूजा समितियों और स्थानीय युवाओं की ओर से घाटों की साफ-सफाई, सजावट और रोशनी की बेहतर व्यवस्था की गई थी। प्रखंड विकास पदाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि आम लोगों के सहयोग से छठ महापर्व शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
शिवगंज धाम घाट पर सूर्यदेव की प्रतिमा रही आकर्षण का केंद्र
बहादुरगंज के देवामंद शिवगंज धाम छठ घाट पर शिवगंज, बालूबाड़ी और गोविंदपुर के लोगों ने सामूहिक सहयोग से पूजा का आयोजन किया। अध्यक्ष लाल कुमार के नेतृत्व में घाट को टेंट, आकर्षक रोशनी और फूल-मालाओं से सजाया गया था।
इस दौरान गोविंदपुर गांव के युवक दुर्गेश सहनी द्वारा निर्मित भगवान सूर्यदेव की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। आयोजन को सफल बनाने में लाल कुमार दास, कमलेश कुमार, अधिवक्ता राजा कुमार, वार्ड सदस्य राजू कुमार सहित कई लोगों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा सतर्क
छठ महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और किशनगंज पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे। जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर प्रमुख घाटों पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी। पुलिस गश्ती और लगातार निगरानी के माध्यम से श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधा का ध्यान रखा गया।
36 घंटे का निर्जला व्रत पूरा कर किया पारण
उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रतियों ने पारण कर लगभग 36 घंटे का कठिन निर्जला उपवास पूरा किया। घाटों पर छठी मैया के पारंपरिक गीत गूंजते रहे और श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
चार दिनों तक चले इस महापर्व का समापन एक बार फिर सामाजिक एकता, पारिवारिक आस्था और सामूहिक सहयोग की अनूठी मिसाल बन गया। किशनगंज के घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ ने साबित किया कि छठ केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं, बल्कि लोक संस्कृति, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और सामाजिक सद्भाव का भी प्रतीक है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




