न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं कर्मियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का लिया संकल्प
वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
26 जून। बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर किशनगंज सिविल कोर्ट परिसर में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार, किशनगंज नम्रता तिवारी ने की। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ओम शंकर ने उपस्थित न्यायिक पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों तथा पारा विधिक स्वयंसेवकों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने तंबाकू, सिगरेट, शराब तथा अन्य सभी प्रकार के नशीले एवं घातक पदार्थों का सेवन नहीं करने तथा अपने परिवार, कार्यस्थल और समाज में नशामुक्ति के प्रति जन-जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण के उपरांत प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नम्रता तिवारी ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज—तीनों के लिए घातक है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे स्वयं इन जानलेवा व्यसनों से दूर रहें और दूसरों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही स्वस्थ, सुरक्षित और नशामुक्त समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, व्यवहार न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारी तथा पारा विधिक स्वयंसेवकों ने पूरे उत्साह और निष्ठा के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण के अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। इस अवसर पर सिविल कोर्ट, किशनगंज से समाज को नशामुक्ति का सशक्त एवं सकारात्मक संदेश दिया गया।
किशनगंज #नशानिरोधकदिवस #नशामुक्त_समाज #DrugFreeIndia #Kishanganj #BiharNews #CivilCourt
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



