वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
26 जून। अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर 17 से 26 जून तक आयोजित नशा मुक्ति सप्ताह का जिला स्तरीय समापन समारोह शुक्रवार को खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने संयुक्त रूप से की।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के पौधा भेंट कर स्वागत, दीप प्रज्वलन एवं बिहार गीत के सामूहिक गायन के साथ हुआ। इसके बाद नशा मुक्ति विषय पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसके माध्यम से नशीले पदार्थों के दुष्प्रभाव और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
नशा मुक्ति सप्ताह के दौरान आयोजित चित्रकला, वाद-विवाद सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं जनजागरूकता कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही आमजन को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
जिला पदाधिकारी नवीन कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार में लागू शराबबंदी समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शराब के साथ-साथ अन्य मादक पदार्थ भी व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए समान रूप से घातक हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नशामुक्ति अभियान का ब्रांड एम्बेसडर बताते हुए आह्वान किया कि वे अपने विद्यालय, परिवार और समाज में नशे के खिलाफ जनजागरूकता फैलाएं। उन्होंने कहा कि कम उम्र में जिज्ञासा और गलत संगति के कारण युवा नशे की ओर आकर्षित हो जाते हैं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित होता है।
पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि नशा न केवल व्यक्ति का जीवन बर्बाद करता है, बल्कि अपराध को भी बढ़ावा देता है। नशे की लत व्यक्ति को चोरी, छिनैती, लूट जैसे अपराधों की ओर धकेल सकती है तथा पारिवारिक हिंसा और सामाजिक विघटन का कारण भी बनती है। उन्होंने युवाओं एवं स्कूली बच्चों से नशे से दूर रहने तथा अपने साथियों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण और नशे के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाने का सामूहिक संकल्प लिया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, वरीय उपसमाहर्ता-सह-सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्रीति कुमारी, जिला योजना पदाधिकारी-सह-जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित थे।
नशामुक्तिसप्ताह #NashaMukti #DrugFreeIndia #नशामुक्त_समाज #AwarenessCampaign #Youth #SocialAwareness #समाजजागरण
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



