वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो
किशनगंज, 25 अगस्त। किशनगंज प्रखंड के बेलवा पंचायत अंतर्गत बेलवा गांव के वार्ड संख्या-3 में सोमवार शाम डोंक नदी में डूबने से लापता हुईं दो सगी बहनों में से बड़ी बहन का शव मंगलवार को बरामद कर लिया गया। करीब 23 घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद 15 वर्षीय फरहाना का शव नदी किनारे मिला। वहीं 12 वर्षीय छोटी बहन रूही नाज की तलाश में एसडीआरएफ का अभियान अभी जारी है।
जानकारी के अनुसार, फतेबुल की दोनों बेटियां सोमवार शाम करीब 5:30 बजे डोंक नदी के किनारे फोटो खींच रही थीं। इसी दौरान एक बहन का पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गई। उसे बचाने के प्रयास में दूसरी बहन भी गहरे पानी में चली गई। देखते ही देखते दोनों बहनें नदी के गहरे पानी में डूबकर लापता हो गईं।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने नदी में दोनों बहनों की तलाश शुरू कर दी। सूचना अंचल अधिकारी राहुल कुमार और थाना प्रभारी मुकेश कुमार को दी गई। इसके बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। सोमवार शाम करीब सात बजे एसडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण नदी में तलाशी अभियान शुरू नहीं किया जा सका।
मंगलवार सुबह एसडीआरएफ की टीम दो बोट के साथ नदी में उतरी और दोनों बहनों की तलाश शुरू की। इसी दौरान मंगलवार शाम करीब चार बजे नदी किनारे से गुजर रहे एक टोटो चालक की नजर पानी के किनारे पड़े शव पर पड़ी। सूचना मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकाला। शव की पहचान 15 वर्षीय फरहाना के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
वहीं, छोटी बहन रूही नाज की तलाश में एसडीआरएफ की टीम लगातार अभियान चला रही है।
गांव में पसरा मातम
फरहाना का शव बरामद होने के बाद बेलवा गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलने के बाद बेलवा मुखिया तैबुर रहमान, सरपंच पजीरुद्दीन, पंचायत समिति प्रतिनिधि सनाउल्लाह, पूर्व पैक्स चेयरमैन इजहार अशरफ, पूर्व मुखिया फखरे आलम, फैयाज आलम, गुलाब, इकबाल रजा, नूरदिल, नुरजमाल और साह जमाल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर मौजूद रहे। प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम छोटी बहन रूही नाज की तलाश में जुटी हुई है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



