वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज। सीमावर्ती किशनगंज जिले में अंग्रेजी नववर्ष गुरुवार को उत्साह और शांति के साथ मनाया गया। जिले के किसी भी हिस्से से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। नववर्ष के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुलिस अधीक्षक सागर कुमार स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की लगातार निगरानी करते रहे।

नए साल को लेकर जिले के सभी प्रमुख पिकनिक स्थलों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। बुधवार देर रात जैसे ही घड़ी की सुई 12 बजे पर पहुंची, लोगों ने आतिशबाजी कर नववर्ष का स्वागत किया और एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
गुरुवार सुबह नववर्ष के अवसर पर जिले के विभिन्न मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के बूढ़ी काली मंदिर, रेलवे कॉलोनी हनुमान मंदिर, उत्तर पल्ली दुर्गा मंदिर, शीतला माता मंदिर, लक्ष्मी नारायण मंदिर सहित अन्य मंदिरों को आकर्षक रूप से सजाया गया था। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
इधर नववर्ष के जश्न के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा लगातार गश्त की जाती रही। हुड़दंग मचाने वालों और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी गई। विशेष रूप से महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सादे लिबास में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। महिला पुलिसकर्मियों की भी प्रतिनियुक्ति कर संवेदनशील स्थलों पर निगरानी रखी गई।
दोपहर में जिला पदाधिकारी विशाल राज और पुलिस अधीक्षक सागर कुमार ने ओदरा घाट का दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने जिलेवासियों को नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
Kishanganj #NewYear2026 #EnglishNewYear #BiharNews #SamajJagran #शांतिपूर्ण_नववर्ष #किशनगंज
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



