वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो, किशनगंज।
किशनगंज जिले के कोचाधामन बाल विकास परियोजना कार्यालय में सामने आई कथित वित्तीय एवं प्रशासनिक अनियमितताओं के मामले में बिहार सरकार के समाज कल्याण विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने बाल विकास परियोजना पदाधिकारी (सीडीपीओ) नागेंद्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में समाज कल्याण विभाग की ओर से 27 नवंबर 2026 को अधिसूचना जारी की गई है।
विभागीय आदेश के अनुसार, बिहार विधान परिषद के सदस्य मो. सरवर आलम की ओर से उठाए गए मामले, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच), किशनगंज के पत्र तथा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, किशनगंज के प्रतिवेदनों एवं अभिलेखों के आधार पर नागेंद्र कुमार के विरुद्ध कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई थीं।
जांच प्रतिवेदन में कार्यालय संचालन, पर्यवेक्षण एवं वित्तीय प्रबंधन में लापरवाही, क्रय प्रक्रिया में अनियमितता, आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण एवं निगरानी में कमी तथा विभागीय निर्देशों के अनुपालन में उदासीनता का उल्लेख किया गया है। इसके अलावा पोषण अभियान के तहत निर्धारित गतिविधियों में देरी, लगभग पांच करोड़ रुपये की मांग तथा करीब एक करोड़ रुपये की राशि के वित्तीय उपयोग से संबंधित अनियमितताओं का भी जिक्र किया गया है।
अभिलेखों के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्रों के निरीक्षण और आंगन ऐप पर प्रविष्टियों में भी गंभीर कमियां पाई गईं। समीक्षा बैठकों में बिना पूर्व सूचना अनुपस्थित रहने तथा अनुपस्थिति का उचित कारण नहीं बताने जैसी बातें भी जांच में सामने आईं।
विभाग ने जांच प्रतिवेदन एवं उपलब्ध अभिलेखों की समीक्षा के बाद इसे वित्तीय प्रबंधन और आंगनबाड़ी योजनाओं के प्रभावी संचालन एवं पर्यवेक्षण में गंभीर विफलता मानते हुए निलंबन का निर्णय लिया। नागेंद्र कुमार को बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली, 2005 के नियम-9 (1) के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा। वहीं, इस अवधि में उनका मुख्यालय जिला कार्यक्रम कार्यालय, कैमूर निर्धारित किया गया है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.