अभय कुमार मिश्रा, दैनिक समाज जागरण,ब्यूरो चीफ, कोल्हान झारखंड
सरायकेला खरसावां ( झारखंड) 29 नवंबर 2026: मानव सेवा और जनकल्याण की भावना के साथ स्वर्गीय अनिल कुमार वर्मा की प्रथम पुण्यतिथि पर रविवार, 29 नवंबर को आदित्यपुर-2 कॉलोनी रोड नंबर-4 स्थित ‘कुणाल रिलीफ सेंटर’ में एक विशाल ‘निःशुल्क मेडिकल एवं डेंटल मेगा कैंप’ का सफल आयोजन किया गया।
अपने दिवंगत पिता के बताए जनसेवा के मार्ग पर चलते हुए उनके दोनों पुत्रों— डॉ. कुणाल वर्मा और डॉ. केतन वर्मा ने संयुक्त रूप से इस शिविर का आयोजन किया।
सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक चले इस स्वास्थ्य शिविर को लेकर स्थानीय लोगों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। शिविर की जानकारी देते हुए डॉ. कुणाल वर्मा ने बताया कि इस मेगा कैंप में 800 से अधिक लोगों की निःशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई। उन्होंने बताया कि यह एक कंप्लीट हेल्थ पैकेज शिविर था, जिसमें सामान्य चिकित्सा और दंत रोग (डेंटल) के अलावा स्त्री रोग (गायनेकोलॉजी) और नेत्र रोग (आई) विशेषज्ञों की टीम ने मरीजों को उचित परामर्श दिया।
शिविर की सबसे बड़ी विशेषता यह रही कि मरीजों के लिए कई महंगे और जरूरी पैथोलॉजी टेस्ट भी पूरी तरह निःशुल्क उपलब्ध कराए गए। इनमें लिवर फंक्शन टेस्ट, एचबीए1सी (HbA1c), लिपिड प्रोफाइल, बोन डेंसिटी टेस्ट और फेफड़ों की जांच के लिए स्पाइरोमीट्री टेस्ट शामिल थे। जांच के उपरांत सभी जरूरतमंद मरीजों को आयोजकों की ओर से मुफ्त दवाइयां भी वितरित की गईं।
डॉ. कुणाल वर्मा ने कहा कि अपने पिता की स्मृति में समाज के हर वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधा पहुंचाना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है, और भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्य निरंतर जारी रहेंगे। शिविर को सफल बनाने में कुणाल रिलीफ सेंटर की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.