google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

कोठीटोला देवरी की बदहाल सड़क से ग्रामीण परेशान, पक्की सड़क और आरसीसी पुल निर्माण की मांग

बाढ़ में दो जगह सड़क कटने से आवागमन बाधित, महादलित परिवारों ने जिलाधिकारी से लगाई गुहार

किशनगंज। बिहार के किशनगंज जिले के टेढ़ागाछ प्रखंड अंतर्गत चिल्हनियां पंचायत के वार्ड संख्या 11 स्थित कोठीटोला देवरी गांव के ग्रामीण बदहाल सड़क के कारण परेशान हैं। गांव को घनीफुलसरा चैनपुर से जोड़ने वाली करीब दो किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क जर्जर हो चुकी है। विगत बाढ़ के दौरान सड़क दो स्थानों पर कट गई, जिससे आवागमन बाधित हो गया है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से सड़क का पक्कीकरण कराने और दोनों स्थानों पर आरसीसी पुल बनवाने की मांग की है।

कीचड़ और जलजमाव से बढ़ी परेशानी

ग्रामीणों के अनुसार, सड़क पर कीचड़ और पानी जमा रहने के कारण पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। इसका सबसे अधिक असर स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और बीमार लोगों पर पड़ रहा है। गांव से बाहर बाजार जाने, इलाज कराने और अन्य जरूरी काम निपटाने में लोगों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

स्थानीय ग्रामीण भगल पासवान, योगेंद्र पासवान, राजेंद्र पासवान, दशरथ मांझी, श्यामलाल मांझी, रमेश मांझी, रोहित मांझी, शंभू झा, रोहित पासवान, संतोष झा, महेश पासवान, भीम चौधरी, संतोष पासवान, बैद्यनाथ झा, लाल झा और तारिणी प्रसाद झा सहित अन्य लोगों ने बताया कि सड़क वर्षों से कच्ची है। बरसात के मौसम में स्थिति और गंभीर हो जाती है। बाढ़ में क्षतिग्रस्त हुए दोनों स्थानों की मरम्मत नहीं होने से ग्रामीणों को जोखिम उठाकर रास्ता पार करना पड़ता है।

कई बार आवेदन देने के बाद भी कार्रवाई का इंतजार

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की समस्या को लेकर सांसद, विधायक, जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को कई बार आवेदन दिया गया है। इसके बावजूद अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। ग्रामीणों के मुताबिक, सड़क सुविधा के अभाव में गांव के महादलित परिवारों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।

जिलाधिकारी से सड़क और पुल निर्माण की मांग

ग्रामीणों ने नवपदस्थापित जिलाधिकारी से मामले में हस्तक्षेप कर कोठीटोला देवरी से घनीफुलसरा चैनपुर तक करीब दो किलोमीटर लंबी सड़क का पक्कीकरण कराने तथा बाढ़ में कटे दोनों स्थानों पर आरसीसी पुल का निर्माण कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क और पुल बनने से बच्चों को स्कूल पहुंचने, किसानों को अपने कामकाज के लिए आने-जाने और मरीजों को अस्पताल ले जाने में सहूलियत होगी। उन्होंने जिला प्रशासन से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की अपील की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि मांगों पर शीघ्र पहल नहीं होने पर वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)