google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

कुकड़ू में जंगली हाथी का तांडव, तीन दुकानों के दरवाजे तोड़कर चट कर गया राशन

परगामा में जीतू महतो का घर तोड़ने के बाद कुकड़ू में मचाई तबाही, ग्रामीणों में दहशत

दैनिक समाज जागरण

चांडिल : कुकड़ू प्रखंड क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। हाथियों का झुंड अब ग्रामीणों के घरों के साथ-साथ दुकानों को भी निशाना बना रहा है। गुरुवार की रात एक जंगली हाथी ने कुकड़ू में जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने लुबु कुमार, सर्वेश्वर कुमार दुकान और अनिल रजक की PDS दुकान के दरवाजे तोड़ दिए। इसके बाद दुकानों के अंदर घुसकर चीनी, आटा, गुड़ समेत अन्य खाद्य सामग्री खा गया। हाथी के इस उत्पात से तीनों दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।



हाथी के लगातार हमलों से क्षेत्र के ग्रामीणों में भय और दहशत का माहौल है। हैरानी की बात यह है कि बुधवार की रात ही कुकड़ू प्रखंड के पारगामा में जंगली हाथी ने जीतू महतो के घर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया था। घर में मौजूद परिवार के छोटे-छोटे बच्चों और उनकी मां ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई थी। दुसरे ही रात में कुकड़ू के दुकानों को निशाना बनाए जाने से ग्रामीणों की चिंता और बढ़ गई है।



दुकानों में तोड़फोड़ और नुकसान की सूचना मिलते ही पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष अशोक साव उर्फ माझी साव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित दुकानदारों से मुलाकात कर नुकसान की जानकारी ली।

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में हाथियों का उत्पात आए दिन देखने को मिल रहा है, लेकिन इससे निपटने के लिए स्थायी पहल नहीं हो रही है। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों को आबादी वाले क्षेत्रों में आने से रोकने, प्रभावित परिवारों एवं दुकानदारों को तत्काल मुआवजा देने तथा हाथियों से सुरक्षा के लिए ठोस व्यवस्था करने की मांग की है।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)