डॉ. दीपक शर्मा ने की बच्चों के स्वास्थ्य, आंखों और दांतों की जांच, संतुलित आहार एवं स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
समाज जागरण संवाददाता
कुरुक्षेत्र। विद्यार्थियों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 3 नवंबर 2026 को श्रीमद्भगवद्गीता प्राथमिक विद्यालय (बालघर विद्यालय) में स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. दीपक शर्मा ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. दीपक शर्मा के तिलक लगाकर स्वागत के साथ हुई। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या चेतना वशिष्ठ एवं विद्यालय प्रबंधक श्री जीवन मौदगिल ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।
स्वास्थ्य जांच शिविर के दौरान विद्यार्थियों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ आंखों, दांतों एवं व्यक्तिगत स्वच्छता से संबंधित परीक्षण किए गए। डॉ. दीपक शर्मा ने बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां देते हुए संतुलित एवं पौष्टिक आहार लेने, नियमित व्यायाम करने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या के प्रति सजग रहने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन एवं प्रधानाचार्या चेतना वशिष्ठ ने डॉ. दीपक शर्मा के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बच्चों का शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य उनके सर्वांगीण विकास का आधार है। इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के साथ उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
विद्यालय में आयोजित यह स्वास्थ्य जांच शिविर विद्यार्थियों के लिए उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक रहा। इस पहल के माध्यम से बच्चों को स्वास्थ्य, स्वच्छता और बेहतर जीवनशैली के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



