हत्या की आशंका पर भारी हंगामा
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ जिले के गोपालपुर थाना क्षेत्र के इलाहाबाद स्थित कचरा डंप यार्ड में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मजदूर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मशीन के भीतर फंसा पाया गया। मृतक की पहचान नालंदा जिले के थरथरी थाना अंतर्गत नारारी बलवा निवासी गुड्डू कुमार यादव (40) के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए करीब एक घंटे तक जमकर हंगामा किया। मृतक के भाई राजीव कुमार और बहन बुना देवी ने इसे महज एक दुर्घटना मानने से साफ इनकार कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि कचरा डंप में कार्यरत एक मुंशी के पास गुड्डू का पैसा बकाया था, जिसे लेकर काफी समय से विवाद चल रहा था।
उनका दावा है कि इसी रंजिश में गुड्डू की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को मशीन में डाल दिया गया ताकि यह एक हादसा लगे। गुड्डू अपने परिवार का एकमात्र सहारा था। नियति की मार देखिए कि कुछ समय पूर्व ही उसकी पत्नी का निधन हो चुका था और अब पिता का साया उठने से उसकी तीन बेटियां और एक बेटा पूरी तरह अनाथ हो गए हैं। घर में कोहराम मचा है और ग्रामीणों में भारी रोष है।
सूचना मिलते ही गोपालपुर थानाध्यक्ष अमित कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए FSL (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को बुलाया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट और फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगा कि यह मौत तकनीकी खराबी के कारण हुई या इसके पीछे कोई गहरी साजिश है। फिलहाल पुलिस बकाया पैसों के विवाद वाले कोण से भी जांच कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



