समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ एम्स के समीप मंगलवार देर रात करंट की चपेट में आने से 35 वर्षीय लिट्टी-चोखा दुकानदार रवि रंजन कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने बुधवार सुबह शव को सड़क पर रखकर घंटों प्रदर्शन किया, जिससे एम्स मार्ग पूरी तरह ठप रहा। मूल रूप से धनरूआ निवासी रवि रंजन एम्स के पास दुकान चलाकर परिवार पालता था। मंगलवार रात दुकान बंद कर लौटते समय वह सड़क पर गिरे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में अतिक्रमण हटाने के दौरान तार टूटकर गिरा था, लेकिन न तो बिजली काटी गई और न ही उसे वहां से हटाया गया।
इसी लापरवाही के कारण रवि की मौके पर ही मौत हो गई। वही बुधवार की सुबह परिजनों का धैर्य जवाब दे गया। सैकड़ों लोगों ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि मृतक के आश्रितों को सरकारी नौकरी और उचित मुआवजा दिया जाए। जाम के कारण एंबुलेंस और अन्य वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुँचा। काफी मशक्कत और वरीय अधिकारियों द्वारा दोषियों पर कार्रवाई व सरकारी सहायता दिलाने के भरोसे के बाद लोग शांत हुए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। इस हादसे ने एक बार फिर सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



