नोएडा में लाखों छठव्रतियों ने सेक्टर-75,यमुना, हिंडन के घाटों सहित विभिन्न सेक्टरों और गावों में निर्मित छठघाटों में अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को दिया अर्घ्य


कल उदीयमान भगवान सूर्य को अर्घ्य प्रदान करने के उपरांत चार दिवसीय छठ महापर्व का होगा समापन।
नोएडा,19 नवंबर 2023 आज कार्तिक शुक्ल षष्ठी को यमुना, हिंडन, गोल्फसिटी सेक्टर-75 स्थित छठघाट सहित नोएडा के लगभग दो सौ छठघाटों पर लाखों छठव्रतियों और भगवान सूर्य के भक्तों ने अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य प्रदान किया। दिन में छठव्रतियों ने गेहूं, घी और शक्कर का ठेकुआ, चावल, घी और शक्कर का लड्डू प्रसाद के लिए बनाया।बांस के बने सूप, डाला, दौरा,टोकरी में सभी प्रकार का प्रसाद रखा गया।प्रसाद के रूप में सेब, केला, नारंगी, अमरूद, डाभ,नाशपाती, नींबू सहित सभी प्रकार का फल,ईख, पानी में फलनेवाला सिंघाड़ा, मूली, सुथनी,अदरख, हल्दी, कच्चा नारियल, चीनी का बना साँचा, घर में बना ठेकुआ, लड्डू, कच्चा धागे का बना बद्धी, सिंदूर, अगरबत्ती आदि रखा गया।सायं काल में सूर्यास्त से पूर्व छठव्रती और उनके परिवार के सदस्य सिर पर प्रसाद सहित सूप, डाला, दौरा,टोकरी लेकर घर से निकलकर छठघाट पर पहुंचे।कई छठव्रती घर से घाटों तक कष्टी देते पहुंचे।यमुना,हिंडन सहित विभिन्न सेक्टरों व गावों में बने तालाब, कृत्रिम तालाब,तरणताल आदि छठघाट के रूप में प्रयोग में लाया गया।सूर्यास्त से पूर्व हाथ में प्रसाद रखा हुआ सूप, डाला, दौरा,टोकरी लेकर छठव्रतियों ने छठघाट में प्रवेश किया और भगवान सूर्य को अर्घ्य प्रदान किया।उनके साथ परिवार के सदस्यों व सभी श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को जल द्वारा अर्घ्य प्रदान किया।


नोएडा के सेक्टर-75 सहित विभिन्न सेक्टरों के छठघाटों पर छठव्रतियों व उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए अखिल भारत हिन्दू महासभा और अखिल भारतीय प्रवासी महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुन्ना कुमार शर्मा ने सभी को भगवान सूर्य और आरोग्य की देवी छठी मईया की उपासना के महान लोकपर्व छठ की शुभकामनाएं दीं।उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए उन्होंने बताया कि छठपूजा करने से छठव्रतियों और उनके परिवार के सदस्यों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण हो जाती हैं और सभी कष्ट दूर हो जाते हैं।बिहार, पूर्वी उत्तरप्रदेश, झारखंड,बिहार से सटे हुए पश्चिम बंगाल के कई जिलों,हिंदुस्तान और दुनिया के सभी शहरों में छठ पर्व धूमधाम से मनाया जाता है।नेपाल,मॉरिशस, फिजी, सूरीनाम, वेस्टइंडीज,ब्रिटेन, अमेरिका, कनाडा आदि देशों में छठपर्व हर्षोल्लास और पारम्परिक तरीके से मनाया जाता है।यह भगवान सूर्य की उपासना और भक्ति का महान लोकपर्व है।

दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद,गुरुग्राम, फरीदाबाद सहित एनसीआर के शहरों में लाखों श्रद्धालु इस महान पर्व को धूमधाम से मनाते हैं। उन्होंने बताया कि हमलोग डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर घर के बुजुर्गों को सम्मान देने का संदेश समाज को देते हैं।नदी, तालाब, जल में प्रवेश कर भगवान सूर्य की पूजा कर प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हैं।यह पर्व परिवार के सभी सदस्यों को एक साथ इकट्ठा कर सामाजिक एकता का संदेश देता है। हिन्दू, मुस्लिम सहित सभी जातियों के लोग इस महान पर्व को मनाते हैं। यह पर्व साम्प्रदायिक व सामाजिक एकता व भाईचारे का महापर्व है।


आज सेक्टर-75 स्थित सेंट्रल पार्क में श्री सूर्यदेव पूजा समिति नोएडा के तत्वावधान में श्री छठ पूजा महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें एस डी सिंह, पूनम पांडे, वीरेंद्र भारती, सुनीता वर्मा सहित कई प्रख्यात कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का प्रस्तुतीकरण किया गया। गायक एवं गायिकाओं द्वारा हिन्दी, भोजपुरी, मैथिली, मगही,अंगिका,पंजाबी सहित विभिन्न लोकभाषाओं में गीत संगीत का कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। महोत्सव में सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. महेश शर्मा उपस्थित रहे। उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए उन्होंने छठ पूजा की शुभकामना दी और कहा कि छठ पूजा करने से मनुष्य की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।


नोएडा सेक्टर 45 स्थित सोमबाजार के पास मे छठ घाट बनाकर बड़ी धूम-धाम से आस्था के महापर्व को मनाया गया। आस्था को लेकर भक्तों की भीड़ उमर पड़ी। हालांकि नोएडा पुलिस के द्वारा सुरक्षा के चाक चौबंद व्यवस्था किया गया था वही दूसरी तरफ भनेश्वर भईया के तरफ से पूर्व वर्ष की तरह ही निशुल्क छठ घाट की व्यवस्था की गई।

नोएडा सेक्टर 45 सेक्टर मे मैथिल समाज के द्वारा आस्था के इस महापर्व को श्रद्धापूर्वक किया गया तथा अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य प्रदान किया। पारंपरिक रूप से महिलाओं ने आस्था की डुबकी लगाई वही परिवार जनों को पूर्ण सहयोग रहा।

नोएडा सेक्टर 46 रामलीला ग्राउण्ड में सेक्टर 42 तथा 46 मे रहने वाली पूर्वांचलवासियों ने छठ पर्व का आयोजन श्रद्धापूर्वक किया। महिलाओे ने आस्था की डुबकी लगाते हुए पारंपरिक रूप से अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य प्रदान की।

नोएडा सेक्टर 99 वेस्ट व्यूज अपार्टमेंट मे किया गया छठ पूजा का आयोजन किया गया। सेक्टर वासियों ने प्रकृति में आस्था रखते हुए भगवान भास्कर को सांय काल के अर्घ्य प्रदान की।

नोएडा सेक्टर 45 काशीराम कालोनी में पूर्वांचल सेवा समिति के द्वारा छठ पूजा का धूम-धाम से आयोजन किया गया जिसमें हजारों के संख्या में बिहार तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश को लोगों ने आस्था के इस पर्व में प्रकृति को साक्षी मानते हुए भगवान भास्कर अर्घ्य दी। सेवा समिति के कार्यकर्ताओं ने जहाँ एक तरफ छठ घाट की व्यवस्था किया वही व्यवस्था को बनाए रखने और किसी छठवर्ती को किसी प्रकार से कोई दिक्कत न हो इसका भी ख्याल रखा। आस्था की उमड़ी इस भीड़ को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था को भी चाक चौबंद रखा गया तथा पर्याप्त पुलिस बल महिला तथा पुरुष तैनात रहे।

शहीद भगत सिंह पार्क नोएडा सेक्टर 31

शहीद भगत सिंह पार्क में पूर्वांचल मित्र मंडल छठ पूजा समिति के तत्वावधान में आयोजित छठ पूजा महोत्सव में छठ व्रतियों द्वारा अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया गया। आयोजन समिति के महासचिव एवं प्रवक्ता राघवेंद्र दुबे ने जानकारी देते हुए बताया कि रोशनी से जगमग छठ घाट को केले के पत्तों से सजाया गया था । छठ घाट के पानी में गंगा जल के साथ गुलाब की पंखुड़िया डाली गई एवं छठ वृतियों के ऊपर एक कुंतल गुलाब की पंखुड़ियों की वर्षा की गई। छठ घाट पर महत्वपूर्ण स्लोगन लिखकर जागरूक किया गया वहीं वृक्ष लगाओ ,पर्यावरण बचाओ,बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ,प्लाटिक का उपयोग रोकने , जल संरक्षण जैसे स्लोगन लिखकर सामाजिक संदेश देने का भी कार्य किया गया। छठ घाट पर छठ मैया, भगवान सूर्यदेव की प्रतिमा दरबार सहित स्थापित की गई ।छठ मैया के गीतों से एवं जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। छठ वृतियों ने छठ वेदी पर पूजा अर्चना की इसके उपरांत घाट के पानी में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया और परिवार की समृद्धि व सुख शांति के लिए आशीर्वाद मांगा। राघवेंद्र दुबे ने बताया कई छठ व्रतियों ने दण्डवत होकर छठ घाट की परिक्रमा की। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद रही । जागरण पार्टी द्वारा छठी मैया के गीतों से सजा सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किया गया। गायकों की भक्तिमय प्रस्तुति ने सभी श्रद्धालुओं का मन मोह लिया