google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

पटना में बन्द घर से लाखों की चोरी

समाज हगर्न पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ जिले के बाढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत अगवानपुर पंचायत के ललितपुर गांव में एफसीआई के सेवानिवृत्त कर्मी के बंद पड़े घर को चोरों ने निशाना बनाया और लाखों रुपये का सामान लेकर फरार हो गए। इस वारदात की जानकारी तब हुई, जब परिवार के लोग सोमवार की सुबह गांव पहुंचे। पीड़ित परिवार के अनुसार, वे फिलहाल मुगलसराय में रहते हैं और गांव स्थित घर पर कभी-कभार ही आना-जाना होता है। ललितपुर गांव में स्थित यह मकान काफी समय से बंद पड़ा था। परिवार के सदस्य लगभग 20 दिन पहले यहां आए थे और घर में ताला लगाकर वापस लौट गए थे। इसी दौरान चोरों ने सुनसान घर को निशाना बना लिया। सोमवार की सुबह करीब पांच बजे जब परिवार के लोग ललितपुर गांव स्थित अपने घर पहुंचे, तो बाहर से घर बंद मिला। शुरुआत में उन्हें किसी अनहोनी का अंदेशा नहीं हुआ, लेकिन जैसे ही वे अंदर गए, कमरे का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कमरे का दरवाजा अंदर से खुला हुआ था और सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोर घर के अंदर घुसे थे। परिजनों ने बताया कि चोरों ने घर में रखे सोने और चांदी के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। इसके अलावा घर में रखी नगदी भी गायब थी। परिजन सुंदरी देवी के अनुसार, चोर लगभग 15 से 20 हजार रुपये नकद ले गए हैं। साथ ही घर में रखे नए कपड़े भी चोरी हो गए हैं। इस घटना से परिवार को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक सदमा भी झेलना पड़ रहा है। चोरी की इस वारदात में चोरों ने केवल गहने और पैसे ही नहीं, बल्कि घर में रखे कीमती बर्तनों को भी नहीं छोड़ा। परिजनों के अनुसार, कांसा, पीतल और चांदी के कई बर्तन गायब हैं। आमतौर पर चोर बड़े और भारी सामान को छोड़ देते हैं, लेकिन इस मामले में चोरों ने बर्तन तक उठा ले जाना यह संकेत देता है कि वे पूरी तैयारी के साथ आए थे और उन्हें पर्याप्त समय मिला। परिवार के सदस्य निरंजन ने बताया कि चोरी से उन्हें करीब ढाई लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि यह चोरी पिछले 20 दिनों के अंतराल में किसी भी दिन हुई हो सकती है, क्योंकि घर लंबे समय से बंद था। लंबे समय तक घर खाली रहने का फायदा उठाकर चोरों ने पूरी इत्मीनान से वारदात को अंजाम दिया। इस घटना में एक अहम सुराग भी हाथ लगा है। परिजनों ने बताया कि घर के अंदर से एक मफलर बरामद हुआ है, जो संभवतः चोरों का ही हो सकता है। माना जा रहा है कि चोरी के दौरान जल्दबाजी या लापरवाही में चोर अपना मफलर वहीं छोड़ गए। यह मफलर पुलिस के लिए जांच में अहम कड़ी साबित हो सकता है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। पुलिस यह भी जानने की कोशिश कर रही है कि आसपास किसी ने संदिग्ध गतिविधि देखी थी या नहीं।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)