अभय कुमार मिश्रा,दैनिक समाज जागरण, ब्यूरो चीफ,कोल्हान झारखंड
सरायकेला खरसावां (झारखंड) 14 मार्च 2026:-सरायकेला जिले के आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्रों में इन दिनों रसोई गैस सिलेंडरों को लेकर उपभोक्ताओं के बीच अफरा-तफरी का माहौल है। गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं, लेकिन गैस एजेंसी संचालकों और प्रोपराइटरों ने स्पष्ट किया है कि यह किल्लत वास्तविक नहीं, बल्कि अफवाहों का नतीजा है।
युद्ध की अफवाह और बढ़ती बुकिंग
स्थानीय लोगों के बीच यह भ्रांति फैल गई है कि ईरान और इजराइल के बीच जारी तनाव के कारण भारत में गैस की आपूर्ति बाधित हो सकती है। इसी डर से लोग समय से पहले और ज्यादा बुकिंग कर रहे हैं। केशरी गैस एजेंसी के प्रोपराइटर अश्वनी केसरी और मैनेजर अमित ने बताया कि गैस सिलेंडर का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने कहा, “लोग युद्ध के चलते किल्लत की अफवाह पर ध्यान न दें। बुकिंग की संख्या अचानक बढ़ने के कारण आपूर्ति में थोड़ा समय लग रहा है, लेकिन गैस निरंतर मिल रही है।”
बुकिंग और कोड अनिवार्य
वर्तमान स्थिति को देखते हुए केवल उन्हीं उपभोक्ताओं को सिलेंडर दिया जा रहा है जिन्होंने पहले से बुकिंग कराई है। डिलीवरी के समय उपभोक्ताओं को अपने रजिस्टर्ड मोबाइल पर प्राप्त छह अंकों का ऑथेंटिकेशन कोड दिखाना अनिवार्य है। जिन लोगों की बुकिंग हो चुकी है, उन्हें गोदाम से या होम डिलीवरी के माध्यम से गैस पहुँचाई जा रही है।
उपभोक्ताओं की राय
कतार में खड़े उपभोक्ता श्रीकांत शर्मा, उमा लाल और गीता बक्शी ने बताया कि बुकिंग में देरी और सर्वर की समस्याओं के कारण उन्हें घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि, एजेंसियों का कहना है कि यदि लोग धैर्य रखें और अफवाहों के पीछे न भागें, तो आपूर्ति व्यवस्था सामान्य बनी रहेगी।
अश्वनी केसरी (प्रोपराइटर): “गैस की कोई कमी नहीं है, लोग भ्रम में न आएं।”
- अमित (मैनेजर): “बुकिंग ज्यादा होने से वितरण में समय लग रहा है, ग्राहक संयम बरतें।”
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



