वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
10 अक्टूबर। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए जिले में न केवल सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ाम किए जा रहे हैं बल्कि स्वास्थ्य सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिलाधिकारी विशाल राज के निर्देशानुसार जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों — किशनगंज, ठाकुरगंज, पोठिया एवं कोचाधामन — में चिन्हित SAP जवानों के आवासन स्थलों पर व्यापक फॉगिंग, स्वास्थ्य किट वितरण और चिकित्सकीय जांच अभियान चलाया गया। इस पहल का उद्देश्य मच्छरजनित रोगों से सुरक्षा प्रदान करना और जवानों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित एवं स्वास्थ्यवर्धक वातावरण सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी के निर्देश पर सभी आवासन स्थलों पर फॉगिंग की गई है ताकि मच्छरजनित रोगों जैसे डेंगू, मलेरिया व चिकनगुनिया से उन्हें पूर्ण सुरक्षा दी जा सके।
जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि “चुनाव केवल सुरक्षा या प्रशासनिक व्यवस्था का नहीं बल्कि जनस्वास्थ्य की जिम्मेदारी का भी विषय है। SAP जवान जिले में तैनात होकर चौबीसों घंटे कर्तव्य निभाते हैं, इसलिए उन्हें किसी भी तरह की स्वास्थ्य जोखिम से बचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। सभी स्वास्थ्य अधिकारियों को फॉगिंग के साथ-साथ साफ-सफाई, पेयजल की गुणवत्ता और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।”
सिविल सर्जन ने दी टीम की सराहना — “जवाबदेही का प्रतीक”
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि “स्वास्थ्य विभाग पूरी जिम्मेदारी के साथ अपने कार्य का निर्वहन कर रहा है। जिलाधिकारी के नेतृत्व में टीम वर्क के रूप में हमने फॉगिंग, स्वास्थ्य किट वितरण और चिकित्सकीय जांच अभियान को सफलता पूर्वक पूरा किया है। यह केवल औपचारिक कार्य नहीं बल्कि स्वास्थ्य के प्रति हमारी जवाबदेही का प्रतीक है।उन्होंने कहा कि “फॉगिंग के साथ-साथ आवासन स्थलों पर जलजमाव की सफाई, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव और मच्छरों के संभावित प्रजनन स्थलों को समाप्त करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं। जवानों को आवश्यक स्वास्थ्य किट, जिसमें दवाइयाँ और स्वास्थ्य संबंधी अन्य सामग्री शामिल हैं, उपलब्ध कराई गई। सभी स्थानों पर चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच भी की गई ताकि किसी भी प्रकार की बीमारी का समय रहते निदान हो सके।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



