समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ बिहार में अपराधियों के खिलाफ जारी सख्त अभियान के तहत पटना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। राजधानी के गोपालपुर थाना क्षेत्र में हुए 27 लाख रुपये के कैश वैन लूटकांड के मुख्य आरोपी नीतीश कुमार को पुलिस ने मंगलवार सुबह मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। गोपालपुर और संपतचक के उदयनी गांव के पास हुई इस पुलिसिया कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) कार्तिकेय शर्मा ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि लूटकांड का मुख्य आरोपी नीतीश कुमार संपतचक इलाके में छिपा है। जब पुलिस टीम उदयनी गांव पहुंची, तो मोटरसाइकिल से आ रहे नीतीश ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक गोली नीतीश के पैर में लगी और वह गिर पड़ा। पुलिस ने मौके से एक देसी कट्टा, कारतूस, खोखा और अपराधी की मोटरसाइकिल बरामद की है। घटना के बाद वैज्ञानिक जांच टीम (FSL) ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
उल्लेखनीय है कि बीती 13 मई को गोपालपुर के जल्लाबीघा गांव के पास दो बाइकों पर सवार पांच अपराधियों ने सीएमएस कैश वैन को ओवरटेक कर 27 लाख रुपये लूट लिए थे। मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया था। पुलिस इस मामले में सूरज पांडे, आदित्य कुमार और रवि कुमार नामक तीन अपराधियों को पहले ही जेल भेज चुकी है। पूछताछ में नीतीश कुमार का नाम सामने आया था, जो वारदात के बाद से फरार चल रहा था। एसएसपी ने बताया कि गिरफ्तार अपराधी दीदारगंज और पटना सिटी इलाके के हैं।
पुलिस ने अब तक लूटी गई रकम में से 5 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल बाइक, हेलमेट, घटना के वक्त अपराधियों द्वारा पहने गए कपड़े, कैश वैन की पर्ची और लूट के पैसों से खरीदे गए 5 महंगे आईफोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



