पेट्रोल-डीजल 90 पैसे और महंगा

एक हफ्ते में दूसरी बड़ी वृद्धि, पटना में पेट्रोल ₹109 के पार

समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश

पटना/ अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और पश्चिम एशिया में जारी सैन्य तनाव के बीच आम जनता को महंगाई का एक और बड़ा झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने मंगलवार सुबह पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी। एक सप्ताह के भीतर यह दूसरी बड़ी वृद्धि है। इससे पहले पिछले शुक्रवार को ही तेलों के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर का इजाफा किया गया था। लगातार बढ़ती कीमतों से बिहार सहित पूरे देश में हाहाकार मचा है। ताजा बढ़ोतरी के बाद राजधानी पटना में पेट्रोल की कीमत 108.67 रुपये से बढ़कर 109.57 रुपये प्रति लीटर हो गई है। वहीं डीजल 94.65 रुपये से चढ़कर 95.55 रुपये प्रति लीटर पर पहुंच गया है। बेगूसराय में पेट्रोल 109.26 रुपये और डीजल 95.31 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। जमुई और नालंदा जैसे जिलों में भी दाम आसमान छू रहे हैं।

जमुई के कुछ पेट्रोल पंपों पर तो ग्राहकों को अधिकतम 200 रुपये तक का ही पेट्रोल दिए जाने की खबरें हैं, जिससे लोगों को भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। ईरान और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमत $70 प्रति बैरल से उछलकर $100 प्रति बैरल के पार पहुंच गई है। पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेजी के कारण घरेलू तेल कंपनियों को हर महीने करीब 30 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा था, जिसकी भरपाई के लिए यह कदम उठाया गया है। बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने इस बढ़ोतरी को अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से जुड़ी मजबूरी बताया है।

हालांकि, बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि डीजल महंगा होने से माल ढुलाई (परिवहन लागत) बढ़ेगी। इसका सीधा असर रोजमर्रा की वस्तुओं जैसे फल, सब्जी, राशन और दवाओं पर पड़ेगा। इसके अलावा बस, ऑटो और स्कूल वैन का किराया भी बढ़ सकता है। कृषि क्षेत्र में ट्रैक्टर और पंपिंग सेट चलाना महंगा होने से किसानों पर भी दोहरी मार पड़ेगी। जानकारों के मुताबिक, यदि खाड़ी देशों में तनाव कम नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में तेल और ज्यादा महंगा हो सकता है।

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)