मची अफरा-तफरी; बड़ी साजिश नाकाम
समाज जागरण पटना जिला संवाददाता:- वेद प्रकाश
पटना/ राजधानी के प्रतिष्ठित पटना विश्वविद्यालय परिसर में मंगलवार को उस समय हड़कंप और दहशत का माहौल बन गया, जब पुलिस ने इकबाल छात्रावास (हॉस्टल) में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो ज़िंदा सूतली बम बरामद किए। छात्र गुटों के बीच बढ़ते तनाव और परिसर में बमबाजी की साजिश के मिले खुफिया इनपुट के बाद पुलिस और बम निरोधक दस्ते (BDDS) ने यह संयुक्त छापेमारी की थी। समय रहते बमों की बरामदगी से एक बड़ी हिंसक वारदात टल गई है। जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों को सूचना मिली थी कि विश्वविद्यालय परिसर में किसी बड़ी हिंसक घटना को अंजाम देने की तैयारी चल रही है। इसी आधार पर भारी संख्या में पुलिस बल और बम निरोधक दस्ता इकबाल हॉस्टल पहुंचा।
सघन तलाशी अभियान के दौरान हॉस्टल के पीछे स्थित एक जर्जर और खंडहरनुमा भवन से प्लास्टिक में लिपटे दो संदिग्ध पैकेट मिले। जांच करने पर बम निरोधक दस्ते ने उनके ज़िंदा सूतली बम होने की पुष्टि की। हॉस्टल परिसर में बम मिलने की खबर फैलते ही छात्रों के बीच अफरा-तफरी मच गई। पुलिस ने तुरंत सुरक्षा घेरा बनाकर आम लोगों की आवाजाही रोक दी और बमों को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की।इस सनसनीखेज बरामदगी के बाद सुरक्षा एजेंसियां और पुलिस पूरे मामले की गहराई से तफ्तीश में जुट गई हैं। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन विस्फोटकों को हॉस्टल के भीतर कौन लाया था और इसके पीछे क्या मंशा थी।
पुलिस हॉस्टल के आसपास लगे कैमरों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, साथ ही वहां रहने वाले छात्रों और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है। बरामद बमों को वैज्ञानिक जांच के लिए भेजा जा रहा है। एक प्रमुख शैक्षणिक संस्थान में बारूद मिलने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे विश्वविद्यालय परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन भी पुलिस के लगातार संपर्क में है और छात्रों से शांति व संयम बनाए रखने की अपील की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान जल्द कर ली जाएगी और किसी भी अप्रिय घटना को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



