google-site-verification: google2b21991adbe5cec3.html

‘नया सवेरा 3.0’ के तहत बड़ी कार्रवाई, पांच पीड़ित महिलाओं का रेस्क्यू, चार गिरफ्तार

वीरेंद्र चौहान, समाज जागरण ब्यूरो किशनगंज।
11 जुलाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित विशेष अभियान ‘नया सवेरा 3.0’ के तहत मानव तस्करी, बाल श्रम, देह व्यापार तथा इससे जुड़े अपराधों के विरुद्ध जिले में लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 10 जुलाई को बहादुरगंज थाना क्षेत्र के प्रेम नगर इलाके में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 के नेतृत्व में विशेष छापेमारी की गई।


पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान कथित रूप से संचालित एक अवैध गतिविधि के अड्डे से पश्चिम बंगाल सहित विभिन्न स्थानों की पांच पीड़ित महिलाओं का सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। सभी पीड़िताओं को संरक्षण में लेकर उनका चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। इसके बाद उन्हें नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।


कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आशा बेगम (35 वर्ष), पति स्व. मो. सलमान, निवासी प्रेम नगर, थाना बहादुरगंज, जिला किशनगंज, दिवाकर पंडित (20 वर्ष), पिता विनोद पंडित, निवासी मछली मार्केट, खुर्शीपाड़, भिलाई, जिला दुर्ग (छत्तीसगढ़), मो. असद (28 वर्ष), पिता मो. नसीम, निवासी लोहागाड़ा, थाना बहादुरगंज, जिला किशनगंज तथा नासीर आलम (20 वर्ष), पिता नाजिम, निवासी जनता कन्हैयाबाड़ी, थाना बहादुरगंज, जिला किशनगंज को गिरफ्तार किया है।


इस संबंध में बहादुरगंज थाना में कांड संख्या 434/2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के अलावा पॉक्सो अधिनियम एवं अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।


पुलिस का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस कथित गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हैं। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ‘नया सवेरा 3.0’ अभियान के तहत मानव तस्करी, महिलाओं एवं बच्चों के शोषण, देह व्यापार तथा अन्य संगठित अपराधों के विरुद्ध आगे भी लगातार सघन अभियान जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि इस प्रकार की किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।


Discover more from समाज जागरण

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Leave a Reply

🛍️ Today’s Best Deals

(Advertisement)