रामपुर दियारा में पुलिस की छापेमारी, नाव से शराब की खेप उतारते समय दोनों आरोपित दबोचे गए
समाज जागरण/पटना जिला संवाददाता : वेद प्रकाश
पटना। बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। पटना जिले के मनेर थाना क्षेत्र अंतर्गत भवानी टोला ओपी के रामपुर दियारा स्थित सोन नदी घाट पर पुलिस ने छापेमारी कर 112 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की है। पुलिस ने मौके से दो कथित शराब तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित नाव के जरिए लाई गई शराब की खेप घाट पर उतार रहे थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, रामपुर दियारा स्थित सोन नदी के रास्ते नाव से भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब लाए जाने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए भवानी टोला ओपी प्रभारी ने तत्काल विशेष छापेमारी टीम गठित की। पुलिस टीम ने निर्धारित घाट पर पहुंचकर घेराबंदी कर दी।
इसी दौरान पुलिस ने देखा कि कुछ लोग नाव से शराब की पेटियां घाट पर उतार रहे हैं। पुलिस ने अचानक दबिश देकर मौके से दो धंधेबाजों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान नाव और घाट के पास से कुल 112 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
कई ब्रांड की शराब बरामद
पुलिस के अनुसार, बरामद शराब में अपटर डार्क, रॉयल स्टैग, किंगफिशर और ऑफिसर चॉइस ब्रांड शामिल हैं। शराब की 200 एमएल, 750 एमएल, 180 एमएल और 500 एमएल की बोतलें एवं केन भी जब्त किए गए हैं।
शराब तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
गिरफ्तार दोनों आरोपितों से भवानी टोला ओपी में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि शराब की खेप कहां से लाई गई थी और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही तस्करी के नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
इस छापेमारी अभियान में भवानी टोला ओपी प्रभारी विजय प्रताप, एसआई प्रेमचंद पासवान सहित कई सशस्त्र पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मनेर इलाके में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस मामले में आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



