छह माह से अधूरी सड़क ने माटीकला से जुड़े परिवारों की रोजी-रोटी पर डाला संकट, कीचड़ में फंस रहे वाहन
जोगिया में प्राथमिक विद्यालय से कोहरान बस्ती तक 400 मीटर मार्ग बदहाल, दूसरों के घर रोशन करने वाले कारीगर खुद परेशान
समाज जागरण/तहसील संवाददाता अवधेश कुमार गुप्ता
सोनभद्र। दीपावली पर दूसरों के घरों को रोशन करने के लिए मिट्टी के दीये बनाने वाले कुम्हारों के अपने घरों तक पहुंचने वाला रास्ता ही अंधेरे में है। छह माह से अधूरी पड़ी सड़क ने माटीकला से जुड़े कारीगरों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया है। त्योहार के सबसे महत्वपूर्ण सीजन में सड़क की बदहाली के चलते उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। दिन-रात मेहनत कर तैयार किए गए मिट्टी के दीये, खिलौने और बर्तनों को बाजार तक पहुंचाना भी मुश्किल हो गया है।
मामला आदर्श नगर पालिका परिषद सोनभद्र के वार्ड नंबर 10 स्थित जोगिया का है। यहां मंदिर के पास प्राथमिक विद्यालय से कोहरान बस्ती तक जाने वाला करीब 400 मीटर लंबा मार्ग पिछले छह माह से अधूरा पड़ा है। सड़क पर मिट्टी डालकर निर्माण कार्य छोड़ दिए जाने से पूरा रास्ता बदहाल हो चुका है। हल्की बारिश होते ही मार्ग कीचड़ और फिसलन से भर जाता है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पैदल चलने में भी परेशानी हो रही है।
इस मार्ग के आसपास बड़ी संख्या में कुम्हार और माटीकला से जुड़े परिवार रहते हैं। दीपावली को देखते हुए इन परिवारों ने मिट्टी के दीये, खिलौने और विभिन्न प्रकार के बर्तन तैयार किए हैं। त्योहार का सीजन इन कारीगरों की सालभर की कमाई के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होता है, लेकिन बदहाल सड़क ने उनकी मेहनत पर पानी फेरने की स्थिति पैदा कर दी है। कीचड़ और फिसलन के कारण न तो वाहन आसानी से निकल पा रहे हैं और न ही तैयार सामान सुरक्षित तरीके से बाजार तक पहुंचाया जा रहा है।
छह माह से निर्माण का इंतजार, त्योहार पर भी नहीं मिली राहत
स्थानीय निवासी बाबूलाल प्रजापति ने बताया कि करीब छह माह पहले सड़क पर मिट्टी डालकर छोड़ दी गई थी। इसके बाद निर्माण कार्य आगे नहीं बढ़ा। कई महीने बीत जाने के बावजूद सड़क को दुरुस्त नहीं कराया गया। दीपावली जैसे बड़े त्योहार पर भी समस्या जस की तस बनी हुई है।
वहीं लक्ष्मीकांत ने बताया कि हल्की बारिश होते ही सड़क कीचड़युक्त और बेहद फिसलन भरी हो जाती है। आए दिन स्कूली बच्चे फिसलकर गिर रहे हैं। सड़क के किनारे पोखरा होने के कारण किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है। उन्होंने कहा कि खराब रास्ते के चलते बाइक तक निकालना मुश्किल हो गया है। किसी व्यक्ति की तबीयत बिगड़ने या आपात स्थिति में एंबुलेंस पहुंचना भी चुनौती बन सकता है।
उन्होंने बताया कि सबसे ज्यादा परेशानी उन कारीगरों को हो रही है, जिन्हें दीपावली के लिए तैयार मिट्टी के सामान बाजार तक पहुंचाने हैं। वहीं स्थानीय निवासी गीता देवी ने भी सड़क की दुर्दशा पर नाराजगी जताते हुए कहा कि मिट्टी डालने के बाद से मार्ग को उसके हाल पर छोड़ दिया गया है। रोजाना आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरों के घर रोशन करने वाले कुम्हारों के घरों तक पहुंचने का रास्ता अंधेरे में
विडंबना देखिए कि दीपावली पर दूसरों के घरों को रोशन करने के लिए दीये तैयार करने वाले कुम्हार परिवार खुद बदहाल सड़क की समस्या से जूझ रहे हैं। सड़क निर्माण में देरी के कारण उनकी आजीविका प्रभावित हो रही है। दीपक, टिंकू, जितेंद्र, शांतनु, रामधनी, रवि सहित अन्य ग्रामीणों ने नगर पालिका प्रशासन से दीपावली से पहले सड़क निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह महज 400 मीटर सड़क का मामला नहीं है, बल्कि इस मार्ग पर रहने वाले सैकड़ों लोगों के दैनिक आवागमन, बच्चों की सुरक्षा और माटीकला से जुड़े परिवारों की आजीविका का सवाल है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सड़क निर्माण कराया जाए, ताकि कारीगर अपना तैयार सामान बाजार तक पहुंचा सकें और बच्चों, बुजुर्गों सहित आम नागरिकों को रोजाना की परेशानी से निजात मिल सके।
अब सवाल यह है कि दीपावली पर लोगों के घरों को रोशन करने वाले इन कुम्हार परिवारों की परेशानी नगर पालिका प्रशासन तक कब पहुंचेगी? क्या त्योहार से पहले सड़क निर्माण पूरा होगा या इस बार भी कारीगरों की मेहनत बदहाल रास्ते में ही फंसकर रह जाएगी?
Discover more from समाज जागरण
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



